IPL 2026

15वां जन्मदिन, 15 गेंदों में फिफ्टी! वैभव सूर्यवंशी ने CSK के खिलाफ जड़ा IPL का तीसरा सबसे तेज अर्धशतक

इंडियन प्रीमियर लीग में 15 साल के वैभव ने एक बार फिर अपना तूफान ला दिया है. वैभव ने सिर्फ 15 गेंदों में फिफ्टी बनाकर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.

X
Ashutosh Rai

इंडियन प्रीमियर लीग के तीसरे मुकाबले में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसा महातूफान लाया है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज गेंदबाज तिनके की तरह उड़ गए. 128 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए इस युवा ओपनर ने महज 15 गेंदों में अपना तूफानी अर्धशतक पूरा कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है.

नूर अहमद और मैट हेनरी की जमकर की कुटाई

अपनी इस ऐतिहासिक और आक्रामक पारी में वैभव ने सिर्फ 17 गेंदों का सामना किया और 300 से भी ज्यादा की खूंखार स्ट्राइक रेट से 52 रन ठोक डाले. इस दौरान उनके बल्ले से 5 गगनचुंबी छक्के और 4 करारे चौके निकले. वैभव के सामने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी और अफगानिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर नूर अहमद जैसे अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए और उन्होंने दोनों की जमकर धुनाई की. हालांकि, एक और बड़ा छक्का मारने के प्रयास में वह बाउंड्री लाइन पर कैच आउट हो गए, लेकिन आउट होने से पहले वह चेन्नई से मैच पूरी तरह छीन चुके थे.

IPL का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक

महज 15 गेंदों में फिफ्टी जड़कर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने सुनील नरेन और यूसुफ पठान जैसे दिग्गजों के क्लब में एंट्री मार ली है.

IPL इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले सूरमा:

13 गेंद: यशस्वी जायसवाल (RR vs DC, 2023)

14 गेंद: केएल राहुल (PBKS vs DC, 2018), पैट कमिंस (KKR vs MI, 2022), रोमारियो शेफर्ड (RCB vs MI, 2024)

15 गेंद: वैभव सूर्यवंशी (RR vs CSK, 2026), सुनील नरेन (KKR vs RCB, 2017), यूसुफ पठान (RR vs SRH, 2014)

पिछले साल जड़ा था भारत का सबसे तेज शतक

यह पहली बार नहीं है जब बिहार के इस युवा सितारे ने दुनिया को चौंकाया हो. पिछले सीजन में महज 14 साल की उम्र में वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक ठोककर इतिहास रच दिया था. इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए थे। उस पारी में उन्होंने 7 छक्के और 9 चौके जड़े थे.