Ranji Trophy Final: आकिब नबी की कातिलाना गेंदबाजी, वीडियो में देखें कैसे केएल राहुल को निपटाया?
आकिब नबी की बात करें तो रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में उन्होंने 12 विकेट चटकाए थे. वहीं सेमीफाइनल में भी धारदार गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट लिए.
हुबली: पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची जम्मू-कश्मीर ने खिताबी मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत बना ली है. घरेलू क्रिकेट के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में आकिब नबी ने अपना 56वां विकेट लिया. उन्होंने कर्नाटक के कप्तान केएल राहुल को एक शानदार गेंद पर कन्हैया वधावन के हाथों आउट कराया. वो 13 रन बनाकर आउट हुए. जम्मू-कश्मीर ने इसी के साथ मैच में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है.
हुबली में खेले जा रहे फाइनल मे जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. उसकी तरफ से शुभम पुंडीर ने शानदार शतक लगाते हुए 121 रन बनाए. उनके अलावा इस मैच में जम्मू-कश्मीर के पांच खिलाड़ियों ने अर्धशतक जड़े. इसमें यावर हसन, कप्तान पारस डोगरा, अब्दुल समद, कन्हैया वधावन और साहिल लूथरा शामिल थे. यावर हसन ने पहले दिन शुभम पुंडीर के साथ साझेदारी की थी. वो 88 रन बनाकर आउट हुए थे. दूसरे दिन कप्तान पारस डोगरा समेत चार खिलाड़ियों ने अर्धशतक जड़े.
प्रसिद्ध कृष्णा ने झटके पांच विकेट
रणजी के फाइनल के तीसरे दिन पहले सेशन में बैट और बॉल के बीच शानदार मुकाबला रहा. जम्मू-कश्मीर के लोअर ऑर्डर ने टीम के स्कोर में 57 रन जोड़े और पूरी टीम 584 रनों के विशाल स्कोर पर सिमट गई. कर्नाटक के लिए बॉलिंग में प्रसिद्ध कृष्णा स्टार रहे, उन्होंने 5 विकेट लिए. कर्नाटक को केएल राहुल से ब़ड़ी पारी की उम्मीद थी.
उन्होंने संभलकर खेलना भी शुरू किया लेकिन आकिब नबी ने टीम को बॉलिंग में एक बार फिर से धमाकेदार शुरुआत दिलाई. उन्होंने राहुल को एक शानदार डिलीवरी फेंकते हुए गलत स्ट्रोक लगाने पर मजबूर किया. पारस डोगरा ने रिव्यू लिया और राहुल को लंच से पहले पवेलियन लौटना पड़ा.
राहुल फाइनल में फ्लॉप
राहुल की बात करें तो आकिब के सामने परेशान दिखे, वो आउट होने से पहले उनकी 22 गेंदों में 3 रन ही बना पाए. आकिब की बात करें तो रणजी के क्वार्टर फाइनल में उन्होंने 12 विकेट चटकाए थे. वहीं सेमीफाइनल में भी धारदार गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट लिए. केएल राहुल रणजी में फॉर्म में हैं.
वो पिछले दो मैचों में दो शतक और एक फिफ्टी जड़ चुके हैं. फाइनल का तीसरा दिन है और इसका नतीजा निकलना मुश्किल है. ऐस में जम्मू-कश्मीर के पहली पारी के आधार पर बढ़त लेकर पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतने की संभावना काफी ज्यादा है. कर्नाटक ने खबर लिखे जाने तक 60 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं.