गर्मी से बचने के लिए स्विमिंग का ले रहे सहारा? आंखों की सुरक्षा के लिए इन बातों का रखें ध्यान
स्विमिंग पूल में क्लोरीन, केमिकल्स और छिपे हुए बैक्टीरिया अक्सर आंखों में जलन, सूखापन या इन्फेक्शन की समस्या पैदा करते हैं. ऐसे में समय रहते कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है. पूल में उतरने से पहले कुछ आसान टिप्स को जरूर फॉलो कर लेना चाहिए.
देश के कई राज्यों में इस समय गर्मी का कहर जारी है. हालांकि गर्मी से राहत पाने के लिए कई लोग स्विमिंग करते हैं. जिसे स्विमिंग आती है वह आसपास के तालाब और नदी में तैराकी कर सकता है. वहीं जो लोग स्विमिंग सीख रहे हैं या फिर स्विमिंग पूल में स्विम कर रहे हैं, उन्हें थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है.
स्विमिंग गॉगल्स जरूर पहनें
स्विमिंग पूल में उतरने से पहले आप स्विमिंग गॉगल्स जरूर पहनें. यह आपकी आंखों को सुरक्षित रखने का सबसे आसान तरीका है. इससे आपकी आंखों पर एक परत बना जाती है, जो क्लोरीन, केमिकल्स और बैक्टीरिया को आंखों में जाने से रोकती है. इसके अलावा अगर आप आउटडोर स्विमिंग करते हैं तो आपको धूप से भी बचाता है. जिससे आपकी आंखों को पूरा आराम मिलता है.
कॉन्टैक्ट लेंस का इस्तेमाल
अगर आप कॉन्टैक्ट लेंस का इस्तेमाल करते हैं तो इसे स्विमिंग पूल में उतरने से पहले निकाल लें. केमिकल्स में लेंस आपकी आंखों के लिए नई परेशानी खड़ी कर सकता है. इसलिए ध्यान से पूल में उतरने से पहले आंखों से लेंस निकालकर आंखों की सफाई कर लें.
लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स
कई लोगों को आमतौर पर भी पानी में परेशानी होती है. नहाने के बाद उनकी आंखें लाल हो जाती हैं. ऐसे लोग स्विमिंग पूल में जाने से पहले आंखों की नमी के लिए लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स डालें, इससे आँखों में नमी की एक सुरक्षा परत बन जाती है. क्लोरीन अक्सर आंखों को सुखा देता है, जिससे उनमें खुजली या बेचैनी महसूस होती है. यह ड्रॉप आपकी आंखों की सुरक्षा करेगा.
आंखों में खुजली
अगर पानी से निकलने के बाद आपकी आंखों में जलन हो रही है या फिर खुजली हो रही है तो आंख न मलें. ऐसा करने से हाथों के कीटाणु आपकी आंखों में जा सकता है. इसलिए आंखों को डायरेक्ट ना छूएं और इसे इन्फेक्शन से बचाने की कोशिश करें. पूल से निकलने के बाद आंखों को ताजा पानी से धोएं और एक बार स्नान भी करें. ऐसा करने से आपकी परेशानी नहीं बढ़ेगी. गर्मी से राहत पाने की कोशिश में आंखों के लिए नई समस्या खड़ी न करें और सावधानी से स्विमिंग करें.