घर से बाहर निकलते समय इन बातों का रखें ख्याल, नहीं तो जानलेवा साबित हो सकता है हीटवेव
भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है. हीटवेव के कारण लोगों की मुसीबत बढ़ती जा रही है. ऐसे में हम आपको कुछ खास बात बता रहे हैं, जिनका ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
भारत में गर्मी और लू का कहर बढ़ता जा रहा है. दिन में सूरज की तीखी किरणें और गर्म हवाएं न सिर्फ असुविधा पैदा करती हैं, बल्कि हीट स्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थिति भी पैदा कर सकती हैं. काम के सिलसिले में धूप में निकलना पड़ता है तो सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.
डॉक्टरों के अनुसार, डिहाइड्रेशन, तेज सिरदर्द, मितली, उल्टी और शरीर का तापमान अचानक बढ़ना हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हैं. इसलिए आपको सतर्क रहने की जरूरत है. घर से निकलने से पहले कुछ खास बातों का ध्यान रखना काफी जरूरी है.
खाली पेट बाहर ना निकलें
गर्मी के मौसम में सबसे बड़ी गलती खाली पेट घर से बाहर निकलना है. इससे चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना और हीट स्ट्रोक की संभावना बढ़ जाती है. घर से निकलने से पहले हल्का और पौष्टिक नाश्ता अवश्य करें. सब्जी वाली लिक्विड खिचड़ी, दही, उपमा, खीरा, ककड़ी या नारियल पानी पीना फायदेमंद रहता है. ये चीजें शरीर को ऊर्जा प्रदान करती हैं और पाचन को भी आसान रखती हैं.
सूती कपड़ा पास रखें
तेज धूप और पसीने से बचने के लिए सूती कपड़ा साथ रखना बहुत उपयोगी साबित होता है. यह न सिर्फ पसीना सोखता है बल्कि त्वचा को भी नुकसान नहीं पहुंचाता. रास्ते में यदि पसीना ज्यादा आए तो सूती कपड़े से चेहरा और गर्दन पोंछने से तुरंत राहत मिलती है. कई लोग इसे चेहरे को सीधी धूप से बचाने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं
आंखों की सुरक्षा
गर्म हवाएं और तेज धूप आंखों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती हैं. इससे आंखों में सूखापन, जलन और दर्द की शिकायत हो सकती है. इसलिए बाहर निकलते समय अच्छी क्वालिटी का सनग्लास पहनना अनिवार्य है. खासकर पैदल चलने या बाइक चलाने वालों को सनग्लास का इस्तेमाल अवश्य करना चाहिए.
पानी की बोतल साथ
गर्मी में सबसे बड़ा खतरा डिहाइड्रेशन का होता है. पसीना ज्यादा आने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिससे थकान और कमजोरी बढ़ती है. घर से बाहर निकलते समय अपनी बैग में एक पानी की बोतल जरूर रखें. सादा पानी के अलावा इसमें थोड़ा नींबू और काला नमक मिलाकर पीना बेहतर विकल्प है.
सिर को ढककर रखें
सिर पर सीधी धूप पड़ने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है. इसलिए घर से निकलते समय सिर ढकने वाली चीजें साथ रखें. हैट, कैप या सबसे अच्छा विकल्प छाता है. छाता न सिर्फ सिर बल्कि शरीर के बड़े हिस्से को भी धूप से बचाता है.
त्वचा की सुरक्षा
हीट स्ट्रोक से बचाव के साथ-साथ त्वचा का ख्याल रखना भी जरूरी है. तेज धूप में कुछ लोगों को रैशेज, जलन या त्वचा संबंधी समस्याएं हो जाती हैं. बाहर जाते समय चेहरे, हाथों और पैरों के खुले हिस्सों पर SPF 50+ वाली सनस्क्रीन लगाना चाहिए.