सिर्फ 16700 रुपये में काशी से अयोध्या तक दर्शन, IRCTC की खास सौगात में रहना-खाना सब शामिल

आईआरसीटीसी की 9 दिवसीय काशी तीर्थ यात्रा 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी. इस यात्रा में गया, बोधगया, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. चलिए जानते हैं क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: आध्यात्मिक और धार्मिक यात्राओं में रुचि रखने वाले लोगों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने एक विशेष काशी तीर्थ यात्रा पैकेज की घोषणा की है. यह 9 दिन की यात्रा श्रद्धालुओं को देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराएगी. इस यात्रा के दौरान गया, बोधगया, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों को शामिल किया गया है. यह विशेष रेल टूर 9 सितंबर 2026 को तिरुनेलवेली से शुरू होगा और 17 सितंबर 2026 को समाप्त होगा.

यात्रा के पहले दिन ट्रेन तिरुनेलवेली से रवाना होगी. रास्ते में विरुधुनगर, मदुरै, डिंडीगुल, तिरुचिरापल्ली, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, तांबरम, चेन्नई एग्मोर और गुडूर जैसे प्रमुख स्टेशनों से यात्री इस यात्रा में शामिल हो सकेंगे. तीसरे दिन ट्रेन गया पहुंचेगी, जहां यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी. दोपहर के भोजन के बाद श्रद्धालुओं को बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे.

अगले दिन गया के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में दर्शन के बाद यात्रा वाराणसी की ओर आगे बढ़ेगी. वाराणसी पहुंचने पर श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर, अन्नपूर्णा देवी मंदिर, काशी विशालाक्षी मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन का अवसर मिलेगा. इसके अलावा शाम के समय विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का दिव्य अनुभव भी इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेगा. बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर साल इस आरती को देखने के लिए वाराणसी पहुंचते हैं.


वाराणसी के बाद कहां की होगी यात्रा?

वाराणसी के बाद यात्रा अयोध्या पहुंचेगी. यहां श्रद्धालुओं को राम जन्मभूमि, हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. इसके बाद ट्रेन प्रयागराज के लिए रवाना होगी. प्रयागराज में श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान कर सकेंगे और प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के दर्शन भी कर पाएंगे. इस तरह एक ही यात्रा में कई महत्वपूर्ण धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा.

कितने तरह के पैकेज हैं उपलब्ध?

आईआरसीटीसी ने इस यात्रा के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध कराया है. स्लीपर क्लास का किराया 16,700 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. वहीं थर्ड एसी के लिए 26,100 रुपये और सेकंड एसी के लिए 34,100 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है. पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, भोजन, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण शामिल है. भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत यात्रियों को किराए में विशेष रियायत का लाभ भी दिया जा रहा है. ऐसे में यह पैकेज धार्मिक पर्यटन के इच्छुक लोगों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनकर सामने आया है.