IRCTC दे रहा शानदार लद्दाख टूर पैकेज, फ्लाइट... होटल और भोजन समेत 8 दिन की यात्रा का मौका

आईआरसीटीसी ने चंडीगढ़ से 7 रात और 8 दिन का लद्दाख टूर पैकेज लॉन्च किया है. इसमें फ्लाइट, होटल, भोजन, स्थानीय भ्रमण, ट्रैवल इंश्योरेंस और गाइड की सुविधा शामिल है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: गर्मियों में लद्दाख घूमने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने विशेष टूर पैकेज शुरू किया है. यह पैकेज चंडीगढ़ से लेह तक हवाई यात्रा के साथ 7 रात और 8 दिन का है. यात्रा के दौरान पर्यटकों को लेह, शाम वैली, नुब्रा वैली, तुरतुक, थांग जीरो पॉइंट और प्रसिद्ध पैंगोंग झील जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी. 

इस पैकेज के लिए दूसरा बैच 28 जुलाई 2026 से 4 अगस्त 2026 तक निर्धारित किया गया है. चंडीगढ़ से लेह के लिए उड़ान सुबह 10:20 बजे रवाना होगी और 11:25 बजे लेह पहुंचेगी. वापसी में लेह से सुबह 8:50 बजे उड़ान भरकर 9:50 बजे चंडीगढ़ पहुंचा जाएगा. एयरलाइन के परिचालन के अनुसार उड़ानों के समय में बदलाव संभव है. 

यात्रियों के ठहरने के लिए क्या की गई व्यवस्था?

यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा श्रेणी के होटल और कैंप में की गई है. पूरे टूर के दौरान लेह में चार रात, नुब्रा वैली में दो रात और पैंगोंग झील के पास एक रात रुकने की सुविधा मिलेगी. पैकेज में स्थानीय भ्रमण के लिए साझा वाहन, इनर लाइन परमिट, ट्रैवल इंश्योरेंस, प्रवेश शुल्क, दूसरे दिन से छठे दिन तक गाइड की सुविधा तथा आपात स्थिति के लिए वाहन में ऑक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध कराया जाएगा. 


कितना है किराया?

28 जुलाई वाले बैच के लिए सिंगल ऑक्यूपेंसी का किराया 40,020 रुपये, डबल ऑक्यूपेंसी का 42,630 रुपये और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी का 36,660 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है. बच्चों के लिए भी अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार शुल्क तय किया गया है. पैकेज में चंडीगढ़ से लेह और वापसी की हवाई टिकट, सात नाश्ते, सात दोपहर के भोजन और सात रात्रि भोजन शामिल हैं. 

हालांकि कुछ खर्च यात्रियों को स्वयं वहन करने होंगे. इनमें चंडीगढ़ हवाई अड्डे तक आने-जाने का खर्च, नुब्रा वैली में ऊंट की सवारी, व्यक्तिगत खर्च, होटल पोर्टर, टिप्स, मिनरल वाटर, लॉन्ड्री, फोन बिल, कैमरा शुल्क, अतिरिक्त भोजन तथा यात्रा कार्यक्रम से बाहर की गतिविधियां शामिल हैं. 

आईआरसीटीसी का क्या है कहना?

आईआरसीटीसी का कहना है कि यह पैकेज उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है जो सीमित समय में लद्दाख के प्रमुख पर्यटन स्थलों का आरामदायक अनुभव लेना चाहते हैं. इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट पर जाकर पैकेज की उपलब्धता और बुकिंग की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.