बच्चे में छिपी प्रतिभा कैसे पहचानें? सही उम्र में ट्रेनिंग और प्रोत्साहन से मिल सकती है नई उड़ान
हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है. माता पिता यदि समय रहते उसकी रुचि को पहचानकर सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दें, तो बच्चा अपनी पसंद के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है.
नई दिल्ली: हर बच्चा अपनी अलग पहचान और प्रतिभा लेकर जन्म लेता है. किसी की रुचि पढ़ाई में होती है, तो किसी को खेल, संगीत, नृत्य, चित्रकला या अभिनय पसंद होता है. कई बार माता पिता बच्चों की इन रुचियों को केवल शरारत या समय की बर्बादी समझ लेते हैं. जबकि यही रुचियां भविष्य में उनके करियर और सफलता की मजबूत नींव बन सकती हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों की रुचियों को समझने के लिए सबसे पहले उनके व्यवहार और दैनिक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए. बच्चा किस काम में सबसे अधिक समय बिताता है, किस गतिविधि को करते समय सबसे अधिक खुश दिखाई देता है और किस काम में बिना कहे बार बार शामिल होता है, यह उसकी प्राकृतिक रुचि का संकेत हो सकता है.
कैसे पहचाने रुचि?
यदि बच्चा अक्सर गुनगुनाता है, संगीत सुनना पसंद करता है या गाने की कोशिश करता है, तो उसकी रुचि संगीत में हो सकती है. यदि वह बार बार चित्र बनाता है, रंगों से खेलता है या नई आकृतियां तैयार करता है, तो चित्रकला उसके लिए उपयुक्त क्षेत्र हो सकता है. इसी तरह कहानियां सुनाना, अलग अलग किरदार निभाना या दूसरों की नकल करना अभिनय की ओर उसकी रुचि को दर्शा सकता है.
Also Read
माता-पिता को कैसा करना चाहिए व्यवहार?
माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों के साथ मित्र जैसा व्यवहार करें और उन्हें अपनी पसंद खुलकर बताने का अवसर दें. बच्चों की बातों को ध्यान से सुनें और उन्हें स्कूल की पढ़ाई के साथ साथ खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला प्रतियोगिताओं और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें. इससे उनकी प्रतिभा निखरने का अवसर मिलता है.
यदि बच्चे की रुचि स्पष्ट हो जाए, तो उसे उसी क्षेत्र में उचित प्रशिक्षण दिलाना चाहिए. विशेषज्ञों के अनुसार 5 से 6 वर्ष की उम्र से रुचि के अनुसार प्रशिक्षण शुरू किया जा सकता है. इस उम्र में बच्चे नई चीजें तेजी से सीखते हैं और नियमित अभ्यास से उनकी क्षमता बेहतर विकसित होती है.
किन-किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
हालांकि माता पिता को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि बच्चों पर किसी एक क्षेत्र को चुनने का दबाव न डालें. समय के साथ उनकी रुचियां बदल सकती हैं. एक बच्चा जो आज चित्रकला पसंद करता है, वह आगे चलकर नृत्य, संगीत या खेल में भी रुचि ले सकता है. ऐसे बदलाव सामान्य हैं और इन्हें सकारात्मक रूप से स्वीकार करना चाहिए.
विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों को अपनी पसंद का क्षेत्र चुनने की स्वतंत्रता, नियमित प्रोत्साहन और संतुलित मार्गदर्शन मिले, तो वे आत्मविश्वासी, रचनात्मक और बहुमुखी प्रतिभा के धनी बन सकते हैं. यही उनके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव साबित होती है.