क्या है दुनिया की सबसे महंगी कॉफी का राज? 1 किलो की कीमत सुनकर उड़ जाएंगे आपके होश
पनामा की गेशा कॉफी दुनिया की सबसे महंगी कॉफी बन गई है. 2025 की नीलामी में इसके एक किलो की कीमत 25 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई. चलिए जानते हैं इसकी गुणवत्ता.
नई दिल्ली: पनामा में उगाई जाने वाली मशहूर गेशा कॉफी ने अपनी रिकॉर्डतोड़ कीमत के कारण पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. यह कॉफी पनामा के बोकेटे क्षेत्र में स्थित हसिएंडा ला एस्मेराल्डा फार्म में उगाई जाती है. वर्ष 2025 में आयोजित बेस्ट ऑफ पनामा नीलामी में इस कॉफी ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया.
रिपोर्ट के अनुसार इसके एक किलोग्राम के लिए 30,204 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 25 लाख रुपये से अधिक की बोली लगी. इसी कारण इसे दुनिया की सबसे महंगी कॉफी में गिना जा रहा है. इस कॉफी को दुबई के कई लग्जरी कैफे में विशेष तरीके से परोसते हैं.
कितनी है गेशा कॉफी की कीमत?
वहां एक कप गेशा कॉफी की कीमत करीब 57 हजार रुपये तक पहुंच गई है. यह केवल एक पेय नहीं बल्कि एक लग्जरी अनुभव माना जाता है, जिसे दुनिया के संपन्न लोग खास तौर पर आजमाना पसंद करते हैं.
इसकी ऊंची कीमत के पीछे सबसे बड़ा कारण इसकी दुर्लभता है. इस कॉफी की खेती बेहद सीमित मात्रा में होती है और इसकी गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए वर्षों तक शोध किया गया है. बताया जाता है कि रिकॉर्ड बनाने वाली इस कॉफी को विकसित करने में लगभग 13 साल की मेहनत लगी.
कैसी है गेशा कॉफी की गुणवत्ता?
गेशा कॉफी की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है. पनामा इंटरनेशनल जजिंग में इसे 98 अंक मिले थे, जो कॉफी की दुनिया में बेहद उच्च स्तर माना जाता है. यही वजह है कि नीलामी में इसे खरीदने के लिए सैकड़ों बोलियां लगाई जाती हैं.
स्वाद की बात करें तो यह कॉफी सामान्य कड़वी कॉफी से बिल्कुल अलग मानी जाती है. इसमें फूलों और फलों जैसी सुगंध और स्वाद महसूस होता है. विशेषज्ञों के अनुसार इसमें लिलाक, कोको, खुबानी, टेंजेरिन और चंदन जैसे फ्लेवर नोट्स पाए जाते हैं. गर्म अवस्था में इसमें चमेली जैसी खुशबू आती है, जबकि ठंडी होने पर आम और लीची जैसे स्वाद अधिक उभरकर सामने आते हैं.
दुबई और जापान में भी इस कॉफी का बड़ा क्रेज है. ताइवान और जापान के कुछ कैफे में एक कप कॉफी की कीमत 60 हजार से 84 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है. विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और सीमित उत्पादन के कारण आने वाले वर्षों में इसकी कीमतें और बढ़ सकती हैं.
और पढ़ें
- देश में 'नार्मल तरीके' से पैदा नहीं हो रहे बच्चे, जानिए क्यों बढ़ रहे हैं सिजेरियन के मामले?
- बारिश देखते ही क्यों खिल उठता है आपका चेहरा? मनोविज्ञान ने बताया ऐसे लोगों के दिल में छिपे खास राज
- गले में फूलों की माला, चेहरे पर मुस्कान... ट्रंप की बेटी टिफनी का एलिगेंट लुक बना चर्चा का विषय; अक्षरधाम से वायरल हुईं तस्वीरें