महिलाओं के लिए सुनहरा मौका! आंगनवाड़ी में निकली भर्ती, 4 जून तक करें आवेदन
उत्तर प्रदेश में समय-समय पर अलग-अलग जिलों में आंगनवाड़ी भर्ती निकाली जाती है, जिसके जरिए हजारों महिलाओं को रोजगार का मौका मिलता है. वर्तमान में भी कई जिलों में पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है.
नई दिल्ली: ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहकर नौकरी के साथ समाज सेवा करने की इच्छा रखने वाली महिलाओं के लिए आंगनवाड़ी कार्यकत्री का पद एक बेहतरीन अवसर माना जाता है. उत्तर प्रदेश में समय-समय पर अलग-अलग जिलों में आंगनवाड़ी भर्ती निकाली जाती है, जिसके जरिए हजारों महिलाओं को रोजगार का मौका मिलता है. वर्तमान में भी कई जिलों में पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है और इच्छुक महिलाएं इस पद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं.
उत्तर प्रदेश सरकार महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति करती है. इन पदों पर चयनित महिलाएं बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
आंगनवाड़ी कार्यकत्री बनने की योग्यता?
जेंडर- आंगनवाड़ी भर्ती में केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं.
शिक्षा- अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट परीक्षा पास होना आवश्यक है.
एज लिमिट- आवेदन करने वाली महिला की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
मूल निवासी- महिला जिस क्षेत्र के लिए आवेदन करने जा रही है, वह वहां की स्थानीय निवासी हो.
प्राथमिकता- भर्ती प्रक्रिया में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है. आवेदन के दौरान निवास और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र जमा करने होते हैं.
आंगनवाड़ी वर्कर की जिम्मेदारियां
आंगनवाड़ी कार्यकत्री का मुख्य काम 6 साल तक के बच्चों की देखभाल और प्री-स्कूल शिक्षा प्रदान करना होता है. इसके अलावा गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं तक पोषण आहार पहुंचाना, बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी करना, टीकाकरण अभियान में सहयोग देना और क्षेत्र में जन्म, मृत्यु तथा कुपोषण से जुड़े रिकॉर्ड तैयार करना भी उनकी जिम्मेदारियों में शामिल है.
सैलरी और कैसे होता है चयन?
आंगनवाड़ी वर्कर्स को नियमित वेतन नहीं मिलता बल्कि मानदेय दिया जाता है. मुख्य केंद्र की वर्कर को 4500 रुपये, मिनी केंद्र की वर्कर को 3500 रुपये और सहायिका को 2250 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं. इसके अलावा प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है.
अब अगर चयन प्रक्रिया की बात करें तो यह पूरी तरह से मेरिट पर आधारित होती है. इसमें किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं ली जाती है. शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाती है, जिसमें नाम आने पर उम्मीदवार का चयन माना जाता है.
कहां निकली है भर्ती?
वर्तमान में हाथरस जिले में 229 आंगनवाड़ी कार्यकत्री पदों पर भर्ती निकली है. इच्छुक महिलाएं 4 जून 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर निशुल्क आवेदन कर सकती हैं. इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी समय-समय पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है.
और पढ़ें
- कंपनी सेक्रेटरी जून 2026 की परीक्षाएं कल से शुरू, एग्जाम हॉल पर ले जाने वाले आवश्यक दस्तावेज पहले ही कर लें तैयार
- NTET 2026 Scorecard: रिजल्ट का इंतजार होने वाला है खत्म? DigiLocker पर भी ऐसे मिल सकेगा आपका स्कोरकार्ड
- Civil Services Exam: IPS का सपना देखने वालों को बड़ा झटका! इस बार इतनी कम हुईं रिक्तियां, जान लें अपडेट