उफ ये गर्मी जलाने को है तैयार, बिहार के इन खूबसूरत हिल स्टेशन पर जाएं; मिलेगी ठंडक

गर्मी की छुट्टियों में बिहार के हिल स्टेशन और झरने घूमने का बेहतरीन मौका है. ठंडक, प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच से भरपूर जगहों के बारे में जानें यहां.

Pinterest
Reepu Kumari

पटना: मई-जून में बिहार में भीषण गर्मी पड़ती है, लेकिन राज्य में कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं जहां ठंडक और सुकून मिलता है. हिल स्टेशन से लेकर झरनों तक, ये पर्यटन स्थल गर्मी की छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं. परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं तो बिहार के इन छिपे हुए गहनों को जरूर शामिल करें. यहां प्रकृति का अनोखा नजारा और शांति दोनों मिलेगी.

सोमेश्वर हिल्स-जंगल और पहाड़ों की ठंडक

पश्चिम चंपारण के रामनगर के पास स्थित सोमेश्वर हिल्स वाल्मीकि टाइगर रिजर्व का हिस्सा है. गर्मी के मौसम में भी यहां ठंडी हवाएं चलती रहती हैं. ट्रैकिंग और कैंपिंग के शौकीनों के लिए यह स्वर्ग जैसी जगह है. जंगली इलाके में घूमना रोमांच से भरपूर अनुभव देता है.

गुरपा पहाड़-इतिहास और आस्था का संगम

गया जिले में बिहार-झारखंड सीमा के पास गुरपा पहाड़ ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखता है. यहां झरनों और घने जंगलों के बीच भगवान बुद्ध के शिष्य महाकश्यप से जुड़ी मान्यताएं हैं. पहाड़ पर गुरुपद मंदिर है और विष्णु पदचिह्न भी मौजूद हैं. शांत वातावरण में घूमने का लुत्फ उठाएं.

कैमूर पहाड़ी-पिकनिक और प्रकृति का खजाना

कैमूर और रोहतास जिलों में फैली कैमूर पहाड़ी बिहार की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है. जंगलों के बीच कई झरने, पुराने मंदिर और मनमोहक दृश्य हैं. गर्मी में परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए आदर्श जगह. रोमांच और सुकून दोनों का यहां पूरा मजा मिलता है.

ककोलत जलप्रपात-बिहार का नियाग्रा

नवादा जिले के गोविंदपुर में 160 फीट ऊंचाई से गिरता ककोलत जलप्रपात गर्मी में भी ठंडा पानी देता है. इसे बिहार का नियाग्रा भी कहा जाता है. महाभारत काल से जुड़ी मान्यताएं हैं. नवादा शहर से मात्र 33 किलोमीटर दूर यह जगह गर्मी की छुट्टियों में घूमने वालों की पहली पसंद है.

मांझर कुंड-रोमांचक वाटरफॉल

रोहतास जिले में सासाराम से 10 किलोमीटर दूर मांझर कुंड (धुआं कुंड या सीता कुंड) प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है. कैमूर पहाड़ी में बसा यह झरना गर्मियों में पिकनिक के लिए लोकप्रिय है. आसपास का नजारा और पानी की आवाज मन को शांति देती है.

सलाह: इस तपती गर्मी में बाहर अगर आप जा रहे हैं तो शरीर को भरपूर मात्रा में पानी जरुर दें. ध्यान रखें सुकून और सेहत दोनों ही जरुरी है.