भारतीय थाली में रोटी मुख्य जगह रखती है, लेकिन ज्यादातर लोग इसे सिर्फ कार्ब्स का स्रोत मानते हैं. प्रोटीन की कमी से मसल्स नहीं बनते और एनर्जी भी कम रहती है. जिम जाने वाले या वेट लॉस करने वाले लोग अक्सर डाइट में प्रोटीन बढ़ाने की कोशिश करते हैं.
अब एक साधारण ट्रिक से आप रोज की रोटी को सुपर पावरफुल बना सकते हैं. बस सोया चंक्स को पीसकर आटे में मिलाएं. यह न सिर्फ प्रोटीन बढ़ाता है बल्कि फाइबर भी देता है, जिससे पेट भरा रहता है और शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है.
गेहूं का आटा मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट देता है, जबकि सोया चंक्स को 'वेज मीट' कहा जाता है क्योंकि इसमें प्रोटीन भरपूर होता है. 50 ग्राम गेहूं के आटे और 50 ग्राम सोया पाउडर मिलाकर बनाई रोटी का पोषण मूल्य कई गुना बेहतर हो जाता है. यह मिश्रण डाइटर्स के लिए आदर्श है, क्योंकि यह भूख को काबू में रखता है और ओवरईटिंग रोकता है.
इस रोटी को बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती है. 50 ग्राम गेहूं का आटा, 50 ग्राम सोया चंक्स (मिक्सी में पीसकर पाउडर बनाएं), गुनगुना पानी, स्वादानुसार नमक और एक चुटकी अजवाइन. चाहें तो थोड़ा बारीक कटा धनिया या मेथी भी डाल सकते हैं. यह सामग्री घर में आसानी से मिल जाती है और रेसिपी बहुत सरल है.
एक बर्तन में आटा और सोया पाउडर मिलाकर नमक-अजवाइन डालें. धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. सोया ज्यादा पानी सोखता है, इसलिए 10-15 मिनट ढककर रखें. लोइयां बनाकर बेलें और तवे पर दोनों तरफ से सेक लें. आटा थोड़ा सूखा लगे तो सूखा आटा छिड़कें. घी के बिना या हल्के घी से खाएं.
इस मिश्रण से बनी चार रोटियों में करीब 350 कैलोरी और 32 ग्राम प्रोटीन होता है. प्रोटीन ज्यादा होने से मसल्स मजबूत होते हैं और वजन कंट्रोल में रहता है. सोया का लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स ब्लड शुगर स्थिर रखता है, इसलिए डायबिटीज वाले भी ले सकते हैं. साथ ही कैल्शियम और आयरन से हड्डियां मजबूत होती हैं.