अग्निवीर भर्ती 2026: उत्तराखंड के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 15 जनवरी से शुरू होगी सेना भर्ती रैली
उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती रैली 15 से 30 जनवरी 2026 तक जीबीएस कैंप, कोटद्वार में होगी. उम्मीदवार Join Indian Army वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड करें. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, फर्जीवाड़े से सावधान रहें और फिटनेस तैयारी पर ध्यान दें.
देहरादून: भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है. गढ़वाल मंडल के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन अगले वर्ष 15 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक किया जाएगा. यह भर्ती अभियान लैंसडौन भर्ती कार्यालय (ARO Lansdowne) के अधीन आयोजित होगा, जिसके लिए जीबीएस कैंप, कोटद्वार को स्थल के रूप में चुना गया है.
साथ लाने होंगे मूल दस्तावेज
रक्षा विभाग, देहरादून के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है. अब उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से Join Indian Army (JIA) की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने लॉगिन अकाउंट से अपडेट्स चेक करते रहें. जैसे ही एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे, उम्मीदवारों को उन्हें तुरंत डाउनलोड करना होगा.
भर्ती रैली में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों को अपने प्रवेश पत्र (Admit Card), आधार कार्ड की तीन फोटोकॉपी और सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे. सभी आवेदकों को समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचने की सख्त सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके.
Also Read
- आज है आखिरी मौका, एमपी पुलिस में 500 पदों पर एसआई-सूबेदार भर्ती के लिए ग्रैजुएट करें फौरन करें अप्लाई; जानें प्रॉसेस
- मणिपुर हाई कोर्ट ने निकाली सिस्टम असिस्टेंट की सरकारी नौकरी, बेसिक सैलरी से लेकर योग्यता तक, जानें डिटेल
- हम ऐसी नौकरियां पैदा कर रहे हैं जो अभी मौजूद नहीं हैं, भारत में ग्रीन जॉब्स की क्रांति को लेकर बोलीं इकोफाई की HR
भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए उम्मीदवार एआरओ लैंसडौन से सीधे संपर्क कर सकते हैं. सेना भर्ती कार्यालय ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7456874057 जारी किया है, जिससे उम्मीदवार आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं.
शारीरिक दक्षता का महत्वपूर्ण योगदान
सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं से यह भी अपील की है कि वे फर्जीवाड़े या दलालों से दूर रहें, क्योंकि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है. किसी भी व्यक्ति या एजेंट के झांसे में आने से बचने की चेतावनी दी गई है.
युवाओं को फिटनेस और शारीरिक तैयारी पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है, क्योंकि सेना भर्ती में शारीरिक दक्षता का महत्वपूर्ण योगदान होता है. साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेजों को समय रहते तैयार रखने की बात कही गई है, ताकि किसी भी अंतिम क्षण की समस्या से बचा जा सके.
यह भर्ती रैली उत्तराखंड के हजारों युवाओं के लिए भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में करियर बनाने का एक बेहतरीन अवसर लेकर आई है. जो युवा देशसेवा का सपना देखते हैं, उनके लिए यह मौका किसी सुनहरे भविष्य की ओर पहला कदम साबित हो सकता है.