UPSC टॉपर अनुज अग्निहोत्री ने बताई अपनी फेवरेट डिश, धोनी को बताया पसंदीदा खिलाड़ी
अनुज ने बताया कि पढ़ाई के दौरान जब भी तनाव होता था तो वह संगीत सुनते थे या हल्की शारीरिक गतिविधि करते थे. उन्हें खेलकूद भी पसंद है और वह क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के बड़े प्रशंसक हैं.
सिविल सेवा परीक्षा के टॉपर बने अनुज अग्निहोत्री को अपने रिजल्ट की जानकारी एक खास तरीके से मिली. उन्होंने बताया कि रिजल्ट आने के बाद उनके एक दोस्त ने फोन करके उन्हें इसकी खबर दी. उस समय उन्होंने खुद रिजल्ट की पीडीएफ भी नहीं देखी थी. जब उन्होंने सूची में अपना नाम देखा तो उन्हें पहले विश्वास ही नहीं हुआ.
अनुज ने बताया कि वह खुशी से चिल्लाने के बजाय कुछ देर तक शांत रहे और दोबारा परिणाम देखा. उनके माता-पिता भी उस समय उनके साथ बैठे थे और सभी को यह समझने में थोड़ा समय लगा कि आखिर क्या हो गया है.
मेहनत के साथ किस्मत को भी दिया श्रेय
अनुज का कहना है कि इस सफलता के पीछे मेहनत के साथ किस्मत का भी योगदान है. उन्होंने भगवान का धन्यवाद करते हुए कहा कि सही समय, मौके और परिवार का साथ भी बहुत मायने रखता है. उनके अनुसार लगातार मेहनत करना जरूरी है, लेकिन कई बार किस्मत भी दरवाजा खोल देती है.
परिवार के साथ समय को मानते हैं खास
तैयारी के दौरान अनुज ने घर पर रहकर परिवार के साथ काफी समय बिताया. उनका कहना है कि पढ़ाई के बाद नौकरी शुरू होने पर माता-पिता के साथ इतना समय बिताना मुश्किल हो जाता है, इसलिए वह इस समय को खास मानते हैं.
छोटे शहर से बड़ी उपलब्धि
अनुज राजस्थान के कोटा के पास स्थित एक छोटे से कस्बे रावतभाटा से आते हैं. उनके पिता परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में काम करते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं.
तनाव में संगीत और खेल का सहारा
अनुज ने बताया कि पढ़ाई के दौरान जब भी तनाव होता था तो वह संगीत सुनते थे या हल्की शारीरिक गतिविधि करते थे. उन्हें खेलकूद भी पसंद है और वह क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के बड़े प्रशंसक हैं.
आलू चाट से मनाते हैं जश्न
अनुज की एक खास आदत भी है. उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि उन्हें आलू चाट बहुत पसंद है और वह अपनी हर छोटी-बड़ी सफलता का जश्न इसी से मनाते हैं. उनके अनुसार मेहनत, धैर्य और उम्मीद ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है.