Inspiring Journey: सुनामी ने छीन लिया घर, किसान पिता; आज बेटियां हैं IAS-IPS अफसर
साल 2004 की सुनामी ने तमिलनाडु के एक किसान परिवार से उसका घर और जमा-पूंजी छीन ली थी.
Inspiring Journey: कभी जिस परिवार ने सुनामी की तबाही के बाद अपना जीवन दोबारा खड़ा करने के लिए संघर्ष किया, आज उसी परिवार की दो बेटियां देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवाओं में अपनी पहचान बना चुकी हैं. तमिलनाडु के किसान परिवार की ईश्वर्या और सुष्मिता रामनाथन ने मुश्किल हालात को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया. पिता ने खेतों में मेहनत करके बेटियों को पढ़ाया. दोनों ने भी उनकी उम्मीदों को टूटने नहीं दिया. आज छोटी बेटी IAS और बड़ी बेटी IPS अधिकारी हैं.
सुनामी ने छीन लिया घर
साल 2004 में आई विनाशकारी सुनामी ने तमिलनाडु के कई तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई थी. इसकी चपेट में ईश्वर्या और सुष्मिता रामनाथन का परिवार भी आया. घर और जमा-पूंजी गंवाने के बाद परिवार के सामने दोबारा जिंदगी शुरू करने की चुनौती थी.
पिता ने खेतों में मजदूरी कर बेटियों को पढ़ाया
आर्थिक मुश्किलों के बावजूद दोनों बहनों के पिता ने उनकी पढ़ाई नहीं रुकने दी. उन्होंने खेतों में मजदूरी करके परिवार का खर्च उठाया और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी. उनका सपना था कि बेटियां पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बनें और अपने पैरों पर खड़ी हों.
Also Read
- 12वीं के बाद बनें एयरोनॉटिकल इंजीनियर, जानें एडमिशन से लेकर नौकरी तक की पूरी जानकारी
- 'टैक्स में राहत दी, अब कर्मचारियों की सैलरी और नौकरियां बढ़ाएं', उद्योगपतियों से बोले पीएम मोदी
- '6 महीने तक पापा ने बात नहीं की', समाज के ताने और पिता की नाराजगी के बावजूद वैष्णवी ने तीसरे अटेंप्ट में क्रैक किया UPSC
दूसरे प्रयास में ईश्वर्या ने हासिल की 47वीं रैंक
छोटी बेटी ईश्वर्या रामनाथन ने 2018 में पहले प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर 628वीं रैंक हासिल की. उनका चयन रेलवे अकाउंट्स सर्विस में हुआ, लेकिन लक्ष्य IAS बनने का था. उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और 2019 में 47वीं रैंक हासिल कर ली. महज 22 साल की उम्र में वह तमिलनाडु कैडर की IAS अधिकारी बन गईं.
पांच असफलताओं के बाद सुष्मिता ने पाई सफलता
बड़ी बहन सुष्मिता रामनाथन के लिए सिविल सेवा का सफर आसान नहीं रहा. उन्हें लगातार पांच बार असफलता मिली, लेकिन उन्होंने तैयारी जारी रखी. आखिरकार 2022 में छठे प्रयास में 528वीं रैंक हासिल कर उन्होंने UPSC परीक्षा पास की और भारतीय पुलिस सेवा यानी IPS के लिए चुनी गईं.
आज दोनों बहनें संभाल रहीं अहम जिम्मेदारी
जानकारी के अनुसार, ईश्वर्या रामनाथन तमिलनाडु कैडर में IAS अधिकारी हैं, जबकि सुष्मिता रामनाथन आंध्र प्रदेश कैडर में IPS अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं. कभी सुनामी और आर्थिक तंगी से जूझने वाले परिवार के लिए यह बड़ी उपलब्धि है. दोनों बहनों की कहानी पिता के संघर्ष, शिक्षा और मजबूत इरादों की मिसाल है.