UPSC Civil Services Prelims exam 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने एक बार फिर सिविल सर्विसेस प्रीलिमिनरी एग्जाम 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन की लास्ट डेट बढ़ा दी है. अब कैंडिडेट 21 फरवरी, शाम 6 बजे तक upsc.gov.in और upsconline.gov.in पर अप्लाई कर सकते हैं. पहले यह तारीख 11 फरवरी थी, जिसे पहले 18 फरवरी तक बढ़ाया गया था.
नई अधिसूचना के अनुसार, 'CS(P)-2025 और IFoS(P)-2025 के लिए लास्ट डेट अब 21 फरवरी 2025 (शाम 6:00 बजे) तक बढ़ा दी गई है. इसके साथ ही, 22 फरवरी से 28 फरवरी 2025 तक 7 दिनों का सुधार विंडो भी खोला जाएगा.' इस बार आवेदन करने के लिए सभी उम्मीदवारों के लिए One-Time Registration (OTR) प्रोफाइल बनाना जरूरी है. OTR प्रोफाइल एक बार बन जाने के बाद उम्मीदवार इसे जीवनभर इस्तेमाल कर सकते हैं और सीधे आवेदन पत्र भर सकते हैं.
UPSC सिविल सर्विसेस प्रीलिम्स 2025 की परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित होगी. इस परीक्षा में दो हिस्से होंगे – प्रीलिम्स और मेन्स (लिखित परीक्षा और साक्षात्कार). परीक्षा की विस्तृत योजना और पाठ्यक्रम (Detailed planning and curriculum) आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. प्रीलिम्स में ऑब्जेक्टिव प्रकार के प्रश्न होंगे, जिनमें गलत उत्तर देने पर नकारात्मक अंकन (Negative Marking) होगा.
UPSC CSE 2025 में बैठने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए. जिन उम्मीदवारों के ग्रेजुएट डिग्री के परिणाम अभी तक घोषित नहीं हुए हैं, वे अस्थायी रूप से आवेदन कर सकते हैं. यदि वे साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण के लिए चुने जाते हैं, तो उन्हें यह प्रमाणित करना होगा कि उन्होंने योग्य परीक्षा पास कर ली है.
चिकित्सा, दंत, पशु चिकित्सा विज्ञान और समकक्ष डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को इंटर्नशिप की पूर्ति का प्रमाण देना होगा. इसके अलावा, यदि उम्मीदवारों ने इंटर्नशिप पूरी नहीं की है, तो वे UPSC CSE 2025 में अस्थायी रूप से उपस्थित हो सकते हैं, लेकिन साक्षात्कार (interview) के दौरान उन्हें अपनी डिग्री और इंटर्नशिप की पूर्ति का प्रमाण देना होगा.
आयु सीमा की बात करें, तो 1 अगस्त 2025 को उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष हो सकती है. इसके साथ आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा में छूट दी जाएगी. आवेदन शुल्क ₹100 है. महिला, SC, ST और पीडब्ल्यूडी (बेंचमार्क विकलांगता) श्रेणी के उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा. सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को UPSC CSE में 6 प्रयास मिलते हैं, जबकि OBC उम्मीदवारों को 9 प्रयास तक की अनुमति है. SC और ST उम्मीदवारों के लिए प्रयासों की कोई सीमा नहीं है. अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।