UP में युवाओं के लिए सुनहरा मौका! 4856 पदों पर रोजगार मेले, 20 मई को सबसे बड़ा मेला

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मई का महीना कई अवसर लेकर आया है, क्योंकि प्रदेश के अमरोहा, प्रतापगढ़, जौनपुर, आगरा, हापुड़, झांसी, मऊ, बलरामपुर, चित्रकूट, भदोही, बांदा, हरदोई और अमेठी समेत कई जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा.

Pinterest
Meenu Singh

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मई का महीना रोजगार की नई उम्मीदें लेकर आया है. अगर आप लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो अब आपके पास सुनहरा मौका है. राज्य के कई जिलों में बड़े पैमाने पर रोजगार मेलों का आयोजन होने जा रहा है, जहां हजारों पदों पर भर्ती की जाएगी. खास बात यह है कि इन जॉब फेयर्स में फ्रेशर्स के साथ-साथ अनुभवी उम्मीदवार भी भाग ले सकेंगे और कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे इंटरव्यू देकर मौके पर नौकरी पाने का अवसर हासिल कर सकेंगे.

प्रदेश के अमरोहा, प्रतापगढ़, जौनपुर, आगरा, हापुड़, झांसी, मऊ, बलरामपुर, चित्रकूट, भदोही, बांदा, हरदोई और अमेठी समेत कई जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा. इन मेलों के जरिए करीब 4856 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है. निजी कंपनियां, औद्योगिक संस्थान और विभिन्न सेक्टरों की कंपनियां इसमें हिस्सा लेंगी.

यहां लगेगा रोजगार मेले

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ये मेला लगेगा जिसका शुभारंभ 16 मई 2026 को अमरोहा से होगा, जहां लगभग 50 पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके बाद 18 से 21 मई तक प्रतापगढ़ में इसका बड़ा आयोजन होगा, जिसमें 250 से ज्यादा खाली पद उपलब्ध रहेंगी.

वहीं 18 मई को जौनपुर और झांसी में भी जॉब फेयर लगाए जाएंगे. जौनपुर में 304 और झांसी में 327 पदों पर भर्ती होगी. उसके बाद ये सिलसिला 19 मई को आगरा में 275 पदों के लिए इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी.

20 मई को सबसे बड़ा जॉब फेयर

20 मई को हापुड़ में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां अकेले 1972 पदों पर भर्ती की जाएगी. इसी दिन आगरा, मऊ और बलरामपुर में भी अलग-अलग कंपनियां उम्मीदवारों का चयन करेंगी.

21 मई को चित्रकूट में 172 पदों के लिए भर्ती होगी, जबकि 22 मई को भदोही और बांदा में रोजगार मेले लगाए जाएंगे. बांदा में 550 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की संभावना है. इसके अलावा 23 मई को हरदोई और अमेठी में भी युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे.

10वीं पास भी कर सकते हैं अप्लाई

इन रोजगार मेलों में हिस्सा लेने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल तय की गई है. 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और अन्य तकनीकी योग्यताओं वाले अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं. फ्रेशर और अनुभवी दोनों उम्मीदवारों को इसमें मौका मिलेगा.

जरूरी दस्तावेज और रजिस्ट्रेशन

रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और अपडेटेड सीवी लेकर जाना होगा. 

इच्छुक अभ्यर्थी यूपी रोजगार संगम पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. वहीं जिन उम्मीदवारों ने पहले पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए मौके पर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.