यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती का रिजल्ट जारी, 76184 अभ्यर्थी सफल; जानें कटऑफ और आगे की प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. बोर्ड ने कुल 76,184 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है. बोर्ड ने कुल 76,184 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है, जिन्हें अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा. अभ्यर्थी अपना परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से देख सकते हैं.
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को छह पालियों में आयोजित की गई थी. इस भर्ती अभियान के तहत 32,679 पदों को भरा जाना है. भर्ती परीक्षा में 21 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था. लिखित परीक्षा के बाद कुल रिक्त पदों के मुकाबले लगभग 2.33 गुना यानी 76,184 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण के लिए चयनित किया गया है.
कब से शुरू होगा दस्तावेज सत्यापन?
बोर्ड के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण 17 अगस्त 2026 से शुरू होगा. इसके बाद सितंबर 2026 में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी. अंतिम चयन लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा.
Also Read
- Rajasthan JET Result 2026: SKRAU ने घोषित किया राजस्थान जेट रिजल्ट, जानें स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का प्रॉसेस
- Central Bank Apprentice: सेंट्रल बैंक अप्रेंटिस भर्ती का इंतजार खत्म, 3655 उम्मीदवारों ने मारी बाजी
- सरकारी नौकरी का सपना टूटने से पहले पढ़ लें ये खबर, इस हफ्ते बंद हो रही हैं 5 बड़ी भर्तियों की आवेदन विंडो
कितना है कटऑफ?
इस भर्ती परीक्षा की श्रेणीवार नॉर्मलाइज्ड कटऑफ भी जारी कर दी गई है. अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 258.03661 रही, जबकि महिला वर्ग में यह 255.84346 रही. अन्य पिछड़ा वर्ग की कटऑफ 251.63020 और महिला वर्ग में 249.27083 दर्ज की गई. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की कटऑफ 247.93434 तथा महिला वर्ग की 247.35926 रही. अनुसूचित जाति वर्ग की कटऑफ 239.34407 और महिला वर्ग की 236.31995 रही. वहीं अनुसूचित जनजाति वर्ग की कटऑफ 220.10639 तथा महिला वर्ग की 211.47988 रही.
बोर्ड ने न्यूनतम अर्हता अंक भी निर्धारित किए हैं. अनारक्षित वर्ग के लिए 30 प्रतिशत, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 25 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 20 प्रतिशत अंक अनिवार्य रहे.
किन-किन दस्तावेजों की होगी जांच?
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र और आरक्षण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी. शारीरिक मानक परीक्षण में निर्धारित लंबाई, वजन और सीने के माप की जांच होगी. इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही भर्ती संबंधी जानकारी प्राप्त करें और किसी भी भ्रामक सूचना से बचें.