किस कोर्स से मिलेगी सरकारी शिक्षक की नौकरी? एडमिशन से पहले जान लें सही कोर्स
सरकारी शिक्षक बनने के लिए सही टीचर ट्रेनिंग कोर्स चुनना जरूरी है. एडमिशन से पहले जान लें कौन-कौन से कोर्स आपके लिए सही हैं.
नई दिल्ली: सरकारी शिक्षक बनने का सपना देखने वाले लाखों युवाओं के लिए सही टीचर ट्रेनिंग कोर्स चुनना बेहद जरूरी हो गया है. पहले जहां एक ही कोर्स के जरिए कई स्तर की शिक्षक भर्तियों में आवेदन किया जा सकता था, वहीं अब सुप्रीम कोर्ट के फैसलों और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के नए नियमों के बाद स्थिति बदल चुकी है. ऐसे में किसी भी कोर्स में दाखिला लेने से पहले यह तय करना जरूरी है कि आप किस स्तर पर पढ़ाना चाहते हैं.
अगर आपका लक्ष्य प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को पढ़ाना है, तो D.El.Ed या BTC सबसे उपयुक्त कोर्स माना जाता है. मौजूदा नियमों के अनुसार प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए यही प्रमुख योग्यता है. इस कोर्स में छोटे बच्चों को पढ़ाने की विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उम्मीदवार प्राथमिक शिक्षा की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं.
B.Ed का क्या-क्या होगा फायदा?
वहीं अगर आप कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को पढ़ाना चाहते हैं, तो B.Ed आपके लिए सही विकल्प है. B.Ed करने के बाद उम्मीदवार TGT और PGT जैसी शिक्षक भर्तियों में आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और कई अन्य सरकारी शिक्षण संस्थानों में भी B.Ed की योग्यता आवश्यक होती है. यदि किसी विषय पर आपकी मजबूत पकड़ है और आप माध्यमिक या उच्च माध्यमिक स्तर पर पढ़ाना चाहते हैं, तो B.Ed आपके करियर के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है.
Also Read
क्या होगा ITEP का नया विकल्प?
जो छात्र 12वीं के बाद ही शिक्षक बनने का फैसला कर चुके हैं, उनके लिए ITEP एक आधुनिक और नया विकल्प बनकर सामने आया है. यह चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम है, जिसमें ग्रेजुएशन और शिक्षक प्रशिक्षण एक साथ पूरा किया जाता है. इससे छात्रों का समय बचता है और वे कम समय में शिक्षक बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी कोर्स में प्रवेश लेने से पहले अपने करियर लक्ष्य को स्पष्ट करना जरूरी है. यदि लक्ष्य प्राथमिक शिक्षक बनना है तो D.El.Ed या BTC चुनें, जबकि बड़ी कक्षाओं में पढ़ाने की इच्छा रखने वाले छात्रों को B.Ed करना चाहिए. वहीं 12वीं के बाद सीधे शिक्षक बनने की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए ITEP एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है.
सही कोर्स का चयन न केवल आपकी पढ़ाई को आसान बनाता है, बल्कि भविष्य में सरकारी शिक्षक भर्ती में सफलता की संभावना भी बढ़ाता है. इसलिए दाखिले से पहले सभी नियमों और पात्रता को अच्छी तरह समझ लेना जरूरी है.