menu-icon
India Daily

NEET UG रिजल्ट का इंतजार खत्म? NTA ने दिया बड़ा अपडेट, जानिए कब आएगा स्कोरकार्ड

री-नीट यूजी 2026 का रिजल्ट 20 जुलाई तक जारी हो सकता है. एनटीए ने परिणाम, फाइनल आंसर-की, काउंसलिंग और एमबीबीएस सत्र को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
NEET UG रिजल्ट का इंतजार खत्म? NTA ने दिया बड़ा अपडेट, जानिए कब आएगा स्कोरकार्ड
Courtesy: ANI

री-नीट यूजी 2026 का रिजल्ट कब आएगा, इस सवाल का जवाब अब लाखों अभ्यर्थियों को मिलने वाला है. परीक्षा के बाद से छात्र और अभिभावक लगातार नतीजों का इंतजार कर रहे हैं. अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रिजल्ट को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है. रिजल्ट की घोषणा के साथ ही मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी. एजेंसी ने साफ किया है कि री-एग्जाम के कारण एमबीबीएस के नए शैक्षणिक सत्र में किसी तरह की देरी नहीं होने दी जाएगी. फिलहाल परिणाम तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है.

20 जुलाई तक जारी हो सकता है रिजल्ट

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने आधिकारिक रूप से बताया है कि री-नीट यूजी 2026 का रिजल्ट 20 जुलाई तक जारी कर दिया जाएगा. हालांकि अभी किसी निश्चित तारीख की घोषणा नहीं की गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिणाम तय समय से पहले भी जारी हो सकता है. एनटीए का कहना है कि परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है.

रिकॉर्ड समय में पूरा हो रहा मूल्यांकन

एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि एजेंसी तेजी से मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर रही है. आमतौर पर नीट जैसी बड़ी परीक्षा का परिणाम जारी होने में करीब 45 दिन लगते हैं, लेकिन इस बार 21 जून को हुई री-नीट परीक्षा के बाद महज एक महीने के भीतर रिजल्ट जारी करने की तैयारी की जा रही है.

10 हजार आपत्तियों की हो रही जांच

रिजल्ट जारी करने से पहले एनटीए सभी दर्ज आपत्तियों की समीक्षा कर रहा है. 25 जून को प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी और 28 जून तक अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिला था. एजेंसी के अनुसार करीब 10 हजार आपत्तियां प्राप्त हुई हैं. प्रत्येक आपत्ति के साथ जमा किए गए दस्तावेजों की जांच के बाद ही फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी.

एमबीबीएस सत्र समय पर होगा शुरू

पेपर लीक विवाद और री-एग्जाम के बाद छात्रों को आशंका थी कि मेडिकल कॉलेजों का नया सत्र प्रभावित हो सकता है. हालांकि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परिणाम और काउंसलिंग की प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार पूरी की जाएगी. अगस्त या सितंबर में शुरू होने वाला नया शैक्षणिक सत्र अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही चलेगा.

रिजल्ट के बाद ऐसे होगी काउंसलिंग

री-नीट यूजी का परिणाम घोषित होने के बाद मेडिकल काउंसलिंग कमेटी काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी करेगी. इसके तहत 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा, एम्स, जिपमर और केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सीटों के लिए काउंसलिंग होगी. शेष 85 प्रतिशत सीटों पर संबंधित राज्य सरकारें काउंसलिंग कराएंगी. अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण, फीस जमा करने और कॉलेजों की पसंद दर्ज करने के बाद रैंक के आधार पर सीट आवंटित की जाएगी.