Sarkari Naukri: 12वीं के बाद सरकारी नौकरी का सपना? SSC CHSL 2026 में सफलता के लिए अपनाएं ये आसान तरीके

12वीं पास युवाओं के लिए केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नौकरी पाने का रास्ता SSC CHSL 2026 से खुला है. इस भर्ती के तहत LDC/JSA और DEO समेत 2536 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: 12वीं पास करने के बाद अगर आपका लक्ष्य जल्दी सरकारी नौकरी हासिल करना है, तो SSC CHSL एक महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है. कर्मचारी चयन आयोग की इस परीक्षा के जरिए केंद्र सरकार के अलग अलग मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में नियुक्तियां की जाती हैं. इस बार भर्ती प्रक्रिया में LDC/JSA और DEO समेत विभिन्न पद शामिल हैं. आवेदन करने वाले युवाओं के लिए अब सबसे जरूरी सवाल यही है कि सीमित समय में तैयारी को सही दिशा कैसे दी जाए.

SSC CHSL 2026 भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है और अभ्यर्थी 7 अक्टूबर रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती के जरिए कुल 2536 पदों पर भर्तियां की जाएंगी. प्रतियोगिता अधिक होने के कारण तैयारी में केवल ज्यादा घंटे पढ़ना पर्याप्त नहीं होगा. विषयों की समझ के साथ स्पीड, एक्यूरेसी और लगातार अभ्यास पर भी ध्यान देना जरूरी होगा.

शुरुआत सिलेबस और परीक्षा पैटर्न की समझ से करें

तैयारी शुरू करने से पहले Tier 1 और Tier 2 के पैटर्न को अच्छी तरह समझना जरूरी है. Tier 1 में रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, जनरल अवेयरनेस और इंग्लिश लैंग्वेज से कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं. परीक्षा के लिए एक घंटे का समय मिलता है. इसलिए शुरुआत से ही सवाल हल करने की गति बढ़ाने के साथ सही उत्तर देने की आदत बनाना फायदेमंद रहेगा.


हर विषय के लिए अलग रणनीति बनाएं

गणित में बेसिक फॉर्मूले और शॉर्टकट तरीकों का नियमित अभ्यास करें. रीजनिंग में कोडिंग डीकोडिंग, पजल और सिटिंग अरेंजमेंट जैसे सवालों पर ध्यान दें. इंग्लिश के लिए रोजाना शब्दावली, इडियम्स और ग्रामर दोहराएं. सामान्य ज्ञान के साथ पिछले 6 से 8 महीनों के करंट अफेयर्स पढ़ें. इतिहास, भूगोल और संविधान के जरूरी हिस्सों के छोटे नोट्स बनाकर रिवीजन आसान किया जा सकता है.

मॉक टेस्ट बताएंगे तैयारी में कहां कमी है

किताबों से पढ़ाई के साथ मॉक टेस्ट देना भी तैयारी का अहम हिस्सा है. सप्ताह में कम से कम दो से तीन मॉक टेस्ट देकर अपनी गलतियों को जांचें. केवल स्कोर देखकर आगे न बढ़ें, बल्कि यह भी देखें कि किन सवालों में ज्यादा समय लगा और कहां गलतियां हुईं. इस विश्लेषण से कमजोर हिस्सों की पहचान होगी और धीरे धीरे परीक्षा के दौरान समय का बेहतर इस्तेमाल करने की आदत विकसित होगी.

पुराने प्रश्नपत्रों से समझें परीक्षा का अंदाज

तैयारी के दौरान पिछले 5 वर्षों के प्रश्नपत्र टाइमर लगाकर हल करना उपयोगी रहेगा. इससे प्रश्नों के स्तर और परीक्षा के पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी. हर पेपर को वास्तविक परीक्षा की तरह हल करने की कोशिश करें. रोजाना 5 से 6 घंटे अनुशासित तरीके से पढ़ाई करते हुए रिवीजन, मॉक टेस्ट और PYQ को तैयारी का हिस्सा बनाना परीक्षा की तैयारी को व्यवस्थित कर सकता है.