menu-icon
India Daily

BOB ने फिर खोला मौका, बिना फीस इन बड़े पदों पर हो रही भर्ती; लेकिन 5 जुलाई के बाद नहीं मिलेगा दूसरा चांस

बैंक ऑफ बड़ौदा ने विशेषज्ञ (प्रोफेशनल) पदों पर संविदा आधारित भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है. इस बार आवेदन करने वाले उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
BOB ने फिर खोला मौका, बिना फीस इन बड़े पदों पर हो रही भर्ती; लेकिन 5 जुलाई के बाद नहीं मिलेगा दूसरा चांस
Courtesy: Pinterest

बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है. बैंक ऑफ बड़ौदा ने विशेषज्ञ (प्रोफेशनल) पदों पर भर्ती के लिए आवेदन विंडो फिर से खोल दी है. खास बात यह है कि इस बार आवेदन करने वाले किसी भी अभ्यर्थी से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. यह भर्ती संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर की जाएगी. बैंक ने 26 जून 2026 को एडेंडम जारी कर आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की जानकारी दी है. हालांकि, भर्ती से जुड़े पात्रता मानदंड, पदों का विवरण और अन्य सभी शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

26 जून से फिर शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया

बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया कि यह भर्ती पहले विज्ञापन संख्या BOB/HRM/REC/ADVT/2025/15 के तहत जारी की गई थी. अब कुछ पदों के लिए नए उम्मीदवारों से फिर आवेदन मांगे गए हैं. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 5 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं. पात्रता की कट-ऑफ तिथि 1 जून 2026 तय की गई है.

इन पदों पर भरी जाएंगी कुल 8 रिक्तियां

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6 अलग-अलग पदों पर 8 रिक्तियां भरी जाएंगी. इनमें डिप्टी चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर, डिप्टी चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर, डिप्टी चीफ डिजिटल ऑफिसर, डिप्टी चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट-बल्क रिटेल और डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट-बल्क रिटेल के पद शामिल हैं. इनमें डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट–बल्क रिटेल के लिए सबसे अधिक तीन रिक्तियां निर्धारित की गई हैं.

पहले आवेदन करने वालों के लिए क्या है नियम

बैंक ने साफ किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले जारी विज्ञापन के तहत इन पदों के लिए आवेदन किया था, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है. पहले जमा किए गए आवेदन वैध माने जाएंगे. दोबारा आवेदन केवल उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने पिछली बार आवेदन नहीं किया था और अब इस अवसर का लाभ लेना चाहते हैं.

आवेदन शुल्क पूरी तरह माफ

इस बार आवेदन प्रक्रिया की सबसे बड़ी राहत यह है कि सभी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया गया है. यानी आवेदन पत्र जमा करते समय किसी भी श्रेणी के अभ्यर्थी को कोई शुल्क नहीं देना होगा. बैंक ने यह विशेष व्यवस्था केवल दोबारा खोली गई आवेदन विंडो के लिए लागू की है.

आवेदन से पहले इन बातों की जरूर करें जांच

आवेदन करने से पहले उम्मीदवार संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से जांच लें. बैंक ने स्पष्ट किया है कि पहले जारी भर्ती विज्ञापन में दिए गए सभी नियम और शर्तें यथावत लागू रहेंगी. जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे अंतिम तिथि 5 जुलाई 2026 से पहले बिना किसी आवेदन शुल्क के अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर सकते हैं.