Inspiring Journey: न फ्रेंच नाम, न विदेशी फॉर्मूला... दो दोस्तों ने देसी अंदाज में खड़ा किया 70 लाख का ब्रांड
गुरुग्राम में पढ़ाई के दौरान माधव नारंग और अरहम जैन ने परफ्यूम स्टार्टअप शुरू किया. 2.5 लाख रुपये से शुरू हुआ खेत अब 70 लाख से ज्यादा कमाई कर चुका है और देसी खुशबू को पहचान दे रहा है.
गुरुग्राम की मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान दो दोस्तों माधव नारंग और अरहम जैन ने साथ मिलकर कारोबार का सपना देखा. दोनों ने भारतीय संस्कृति और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी खुशबुओं को परफ्यूम में उतारने का फैसला किया. इसी सोच से ‘खेत’ ब्रांड की शुरुआत हुई. महज 2.5 लाख रुपये की शुरुआती पूंजी वाला यह कारोबार अब 70 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुका है. देसी पहचान और अलग मार्केटिंग इसकी खास पहचान बनी है.
पढ़ाई से शुरू हुआ बिजनेस का सफर
माधव और अरहम की मुलाकात मास्टर्स यूनियन में बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान हुई थी. दोनों ने मिलकर ऐसा ब्रांड बनाने की योजना बनाई, जो भारतीय खुशबुओं और अनुभवों को अपनी अलग पहचान दे. उन्होंने पश्चिमी या फ्रेंच परफ्यूमेरी की सीधी नकल करने के बजाय भारतीय संदर्भों को चुना. ‘चाय एंड रम’, ‘तोता केरी’, ‘काला पानी’ और ‘स्नेक चार्मर’ जैसे नामों के जरिए उन्होंने स्थानीय अनुभवों को खुशबू से जोड़ने की कोशिश की.
2.5 लाख रुपये से रखी नींव
स्टार्टअप की शुरुआत के लिए दोनों ने अपनी बचत और माता-पिता की मदद से 2.5 लाख रुपये जुटाए. इसके बाद दिल्ली में ऑफलाइन पॉप-अप स्टोर के जरिए ब्रांड को बाजार में उतारा गया. शुरुआती दौर में कारोबार 30-34 लाख रुपये के रेवेन्यू तक पहुंचा. हालांकि, दोनों संस्थापकों को महसूस हुआ कि ब्रांड की पहचान अभी पूरी तरह भारतीय नहीं है. पश्चिम से प्रेरित नामों के इस्तेमाल ने उन्हें अपनी रणनीति पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर किया.
Also Read
- 50 हजार से ज्यादा की शुरुआती सैलरी! इन भर्तियों पर डालें नजर, जानें योग्यता और स्किल
- Inspiring Journey: ‘तुमसे कुछ नहीं होगा...’, ताने सुनती रहीं करुणा; फिर एक दिन सरकारी नौकरी से दिया जोरदार जवाब
- Inspiring Journey: दो दोस्तों ने कॉर्पोरेट जॉब छोड़ी, जेब में बस एक आइडिया... आज हर महीने कमा रहे हैं 1 करोड़ रुपये
पुराने ब्रांड को छोड़ अपनाया ‘खेत’
दोनों दोस्तों ने रीब्रैंडिंग का फैसला काफी अलग अंदाज में लिया. सोशल मीडिया पर पुराने नाम की अर्थी जैसी तस्वीरें साझा कर उन्होंने अपने पुराने ब्रांड को प्रतीकात्मक विदाई दी. अक्टूबर 2025 में ‘खेत’ नाम के साथ नई शुरुआत हुई. इसके बाद उत्पादों में भारतीय पहचान को केंद्र में रखा गया. ‘स्नेक चार्मर’ और ‘तोता केरी’ जैसे परफ्यूम के साथ युवाओं की पसंद को ध्यान में रखा गया. ‘शगुन’ के लिए 2501 रुपये की कीमत रखी गई.
5 हजार से ज्यादा ग्राहक, रेवेन्यू 70 लाख पार
रीब्रैंडिंग के बाद ‘खेत’ तेजी से आगे बढ़ा है. अब तक 5,000 से ज्यादा ग्राहक इस ब्रांड से जुड़ चुके हैं. कंपनी के मुताबिक, हर महीने 14-15 लाख रुपये का रेवेन्यू हासिल हो रहा है और कुल कमाई 70 लाख रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. सोशल मीडिया पर इसकी अलग तरह की ब्रांडिंग ने भी ध्यान खींचा है. अब माधव और अरहम भारतीय परफ्यूमेरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं.