Sawan 2026

केंद्रीय हिंदी संस्थान में हिंदी पढ़ाने का सुनहरा मौका, प्रोफेसर पदों पर भर्ती शुरु; 2 लाख से अधिक सैलरी

केंद्रीय हिंदी संस्थान आगरा ने टीचिंग फैकल्टी की 9 रिक्तियों के लिए सीधी भर्ती शुरू कर दी है. प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर आवेदन 5 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुके हैं और 4 मई 2026 तक किए जा सकते हैं.

Pinterest
Reepu Kumari

आगरा: जो लोग उच्च शिक्षा में हिंदी विषय पढ़ाने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए अच्छी खबर है. आगरा स्थित केंद्रीय हिंदी संस्थान में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 9 पद निकले हैं. शिक्षा मंत्रालय के अधीन यह प्रतिष्ठित संस्थान हिंदी भाषा, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम करता है. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 अप्रैल से शुरू हो गई है और इच्छुक अभ्यर्थी 4 मई तक फॉर्म भर सकते हैं. अच्छे वेतनमान और स्थायी नौकरी का यह मौका कई युवा शिक्षाविदों को आकर्षित कर रहा है.

भर्ती में कितने पद और कितनी सैलरी

संस्थान में प्रोफेसर (एजुकेशन) का 1 पद है, जिसकी सैलरी लेवल-14 के अनुसार 1.44 लाख से 2.18 लाख रुपये प्रतिमाह है. एसोसिएट प्रोफेसर (लिंग्विस्टिक्स) और एसोसिएट प्रोफेसर (हिंदी साहित्य) का एक-एक पद लेवल-13A पर है, जिसमें 1.31 लाख से 2.17 लाख तक सैलरी मिलेगी. असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 6 पद हैं – लिंग्विस्टिक्स में 3, हिंदी साहित्य में 2 और एजुकेशन में 1. इनकी सैलरी लेवल-10 के अनुसार 57,700 से 1.82 लाख रुपये तक है.

आवेदन करने की महत्वपूर्ण तारीखें

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की शुरुआत 5 अप्रैल 2026 से हो चुकी है. फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 4 मई 2026 रात 11:59 बजे तक है. ऑनलाइन आवेदन के बाद फॉर्म की हार्ड कॉपी संबंधित दस्तावेजों के साथ 10 दिनों के अंदर भेजनी होगी. अभ्यर्थियों को सलाह है कि समय रहते आवेदन पूरा करें और आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें ताकि कोई गलती न हो.


किन योग्यताओं की जरूरत

प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विषय में पीएचडी, 10 रिसर्च पब्लिकेशन और कुल 120 रिसर्च स्कोर के साथ 10 साल का टीचिंग अनुभव जरूरी है. एसोसिएट प्रोफेसर के लिए पीएचडी और मास्टर्स में कम से कम 55 प्रतिशत अंक तथा 8 साल का अनुभव चाहिए. असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर मास्टर्स डिग्री के साथ यूजीसी नेट या एसएलईटी/सेट उत्तीर्ण होना चाहिए. पीएचडी वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. सभी डिटेल्स आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध हैं.

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

सबसे पहले curec.samarth.ac.in या hindisansthan.in पर जाएं. केंद्रीय हिंदी संस्थान के सेक्शन में जाकर Apply to this Job पर क्लिक करें. अगर पहले से रजिस्टर्ड नहीं हैं तो Register बटन से ईमेल और मोबाइल से अकाउंट बनाएं. लॉगिन करने के बाद पर्सनल डिटेल्स, शैक्षणिक योग्यता भरें. फोटो, हस्ताक्षर स्कैन करके अपलोड करें. आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट निकालकर रख लें.

आवेदन शुल्क और संपर्क

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 3000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1500 रुपये है. अगर आवेदन के दौरान कोई तकनीकी समस्या आए तो registrarofficekhs1960@gmail.com पर ईमेल करें.
चयन प्रक्रिया में शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा या इंटरव्यू हो सकता है.