Commonwealth Games 2026

आ गई JPSC JET 2026 परीक्षा की तारीख, इस दिन होगी परीक्षा; ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

जेपीएससी ने झारखंड पात्रता परीक्षा 2026 की तारीख घोषित कर दी है. परीक्षा 26 अप्रैल को होगी और एडमिट कार्ड 22 अप्रैल से डाउनलोड किए जा सकेंगे.

Social Media
Babli Rautela

झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन ने झारखंड पात्रता परीक्षा JET 2026 की तारीख जारी कर दी है. यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी. परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है. यह परीक्षा राज्य के 6 प्रमुख जिलों रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग और देवघर में आयोजित होगी.

उम्मीदवार 22 अप्रैल 2026 से आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ कुछ जरूरी दस्तावेज लाना अनिवार्य है

दो स्वहस्ताक्षरित रंगीन फोटो


  • मान्य पहचान पत्र
  • उपस्थिति पत्रक

इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी.

क्यों जरूरी है झारखंड पात्रता परीक्षा

झारखंड पात्रता परीक्षा राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक बनने के लिए अनिवार्य है. इसके अलावा पीएचडी में दाखिले के लिए भी यह परीक्षा जरूरी है. जो उम्मीदवार इस परीक्षा को पास करेंगे वही आगे इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे. सबसे खास बात यह है कि सहायक प्राध्यापक और पीएचडी के लिए आवेदन करने में कोई ऊपरी आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है.

किन विषयों के लिए होगी परीक्षा

JET परीक्षा में कई विषय शामिल किए गए हैं जैसे हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर साइंस, पर्यावरण विज्ञान, गणित, भौतिक विज्ञान, संगीत, पत्रकारिता, प्रबंधन, कानून और अन्य भाषाएं. इसके अलावा जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं को भी शामिल किया गया है जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को मौका मिल सके.

एग्जाम पैटर्न की पूरी जानकारी

परीक्षा OMR शीट पर आयोजित होगी और इसमें दो पेपर होंगे

  • पहला पेपर शिक्षण और शोध क्षमता पर आधारित होगा जिसमें 50 प्रश्न होंगे.
  • दूसरा पेपर संबंधित विषय का होगा जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे.

हर प्रश्न 2 अंक का होगा. इस तरह पहला पेपर 100 अंक और दूसरा पेपर 200 अंक का होगा. इस परीक्षा में कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होगी, जिससे उम्मीदवार बिना डर के सवाल हल कर सकते हैं. दोनों पेपर लगातार होंगे और कुल समय 3 घंटे दिया जाएगा.