NTA Scorecard या रिजल्ट हुआ गुम तो टेंशन छोड़िए, ऐसे पाएं डुप्लीकेट स्कोरकार्ड; बनेगा काम
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उन लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक नया पब्लिक नोटिस जारी किया है जिनका ओरिजिनल स्कोरकार्ड खो गया है या खराब हो गया है.
नई दिल्ली: क्या नीट, जेईई या सीयूईटी परीक्षा पास करने के बाद अचानक आपका स्कोरकार्ड गायब हो गया है? काउंसलिंग से ठीक पहले कागजों का न मिलना किसी भी छात्र और माता पिता की नींद उड़ा सकता है. लेकिन अब तनाव लेने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभ्यर्थियों की इस भारी परेशानी को ध्यान में रखते हुए एक विशेष गाइडलाइन जारी की है. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि कुछ साधारण कदम उठाकर छात्र बिना किसी झंझट के अपना डुप्लीकेट स्कोरकार्ड आधिकारिक रूप से हासिल कर सकते हैं.
बिना किसी शुल्क के डिजिटल रूप में पाएं अपना रिजल्ट
यदि आपका मार्कशीट या स्कोरकार्ड गुम हो गया है, तो सबसे पहले डिजीलॉकर ऐप या पोर्टल पर लॉगिन करें. NTA ने छात्रों के डिजिटल दस्तावेज वहां पहले से अपलोड कर रखे हैं. अगर आपका स्कोरकार्ड वहां दिखता है, तो आप उसे तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए न तो कोई फॉर्म भरना पड़ेगा और न ही कोई फीस देनी होगी.
Also Read
- Inspiring Journey: किताबें जलाईं, भूखा रखा, फिर भी नहीं टूटीं… 3 बच्चों की मां ऐसे बनीं पुलिस अफसर
- Inspiring Journey: दिन में मजदूरी, रात में पढ़ाई… बिजली भी नहीं थी; फिर ऐसे अफसर बने अमरोहा के अभिषेक
- Sarkari Naukri: 12वीं के बाद सरकारी नौकरी का सपना? SSC CHSL 2026 में सफलता के लिए अपनाएं ये आसान तरीके
जब डिजीलॉकर पर न मिले तो अपनाएं यह आसान रास्ता
अगर डिजिटल लॉकर में आपकी मार्कशीट नहीं मिलती है, तो NTA की वेबसाइट से एनैक्सचर I फॉर्म डाउनलोड करें. फॉर्म में अपनी परीक्षा और व्यक्तिगत जानकारी बिल्कुल सही भरें. भरे हुए फॉर्म को जरूरी कागजातों के साथ पीडीएफ बनाकर result@nta.gov.in पर ईमेल कर दें. इसके अलावा रजिस्टर्ड या स्पीड पोस्ट से दिल्ली स्थित NTA कार्यालय भी आवेदन भेज सकते हैं.
आवेदन के साथ संलग्न करने होंगे ये आवश्यक कागजात
आवेदन के साथ पुलिस में दर्ज एफआईआर या लॉस्ट रिपोर्ट की प्रति जरूर लगाएं. अगर कागज़ सिर्फ फटा या खराब हुआ है, तो ओरिजिनल खराब स्कोरकार्ड भेजना होगा. इसके साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान पत्र की स्व सत्यापित कॉपी और फीस का प्रमाण जोड़ना अनिवार्य है. ध्यान रहे कि ईमेल भेजने वाले छात्रों को 15 दिनों के भीतर हार्ड कॉपी भी डाक से भेजनी होगी.
पूरी जांच के बाद जारी होगा क्यूआर कोड वाला नया स्कोरकार्ड
आपके आवेदन पत्र और जमा किए गए दस्तावेजों की NTA अपने पुराने परीक्षा रिकॉर्ड से कड़ी जांच करेगा. वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होते ही एजेंसी एक नया स्कोरकार्ड जारी करेगी. इस नए डुप्लीकेट स्कोरकार्ड पर डिजिटल हस्ताक्षर, एक यूनिक वेरिफिकेशन आईडी और त्वरित ऑनलाइन जांच के लिए क्यूआर कोड मौजूद रहेगा, जो हर जगह पूरी तरह मान्य होगा.