Inspiring Journey: कभी 0.01 अंक से चूके, कभी रेलवे स्टेशन पर गुजारी रातें; फिर ऐसे अफसर बने विपुल पांडे
गोरखपुर के विपुल पांडे की सफलता की कहानी उन युवाओं के लिए मिसाल है, जो बार-बार असफल होने के बाद भी अपने सपनों का पीछा नहीं छोड़ते.
Vipul Pandey Inspiring Journey: कई बार जिंदगी में एक छोटी-सी बात इंसान के भीतर ऐसा संकल्प जगा देती है, जो आगे चलकर उसकी पहचान बन जाता है. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले विपुल पांडे के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. हिंदी माध्यम से पढ़ाई करने के कारण उन्हें ताने सुनने पड़े. एक बार तो कोचिंग में पढ़ाते समय एक अभिभावक ने उनकी अंग्रेजी पर सवाल उठा दिए. उस वक्त विपुल की आंखों में आंसू थे, लेकिन इसी घटना ने उनके मन में प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना पैदा कर दिया.
साधारण परिवार से निकले विपुल का सपना
विपुल पांडे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं. उनके पिता सिंचाई विभाग में सर्वेयर थे, जबकि मां गृहिणी हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि सभी बच्चों को बीटेक कराया जा सके. विपुल के दो बड़े भाई भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे. ऐसे में उन्होंने पहले डिप्लोमा किया और फिर बरेली की रोहिलखंड यूनिवर्सिटी से बीटेक की डिग्री हासिल की.
एक ताने ने बदल दी जिंदगी की दिशा
डिप्लोमा के दौरान विपुल कोचिंग में बच्चों को पढ़ाया करते थे. वहां सीबीएसई के कुछ विद्यार्थी भी आते थे. एक दिन उनमें से एक बच्चे के पिता ने उनकी अंग्रेजी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि हिंदी माध्यम से पढ़ने के बावजूद वे कैसे पढ़ाते हैं. विपुल ने जवाब दिया कि हिंदी माध्यम से पढ़कर भी कई लोग आईपीएस और पीसीएस अधिकारी बने हैं. इस पर उन्हें कहा गया कि वे खुद तो अधिकारी नहीं हैं. यह बात उन्हें इतनी चुभी कि वे रो पड़े. उसी दिन उन्होंने अफसर बनने की ठान ली.
Also Read
दिल्ली में शुरू हुई तैयारी, लेकिन मिलीं लगातार नाकामियां
बीटेक के बाद विपुल दिल्ली पहुंचे और एक कोचिंग संस्थान में दाखिला लेकर सिविल सेवा की तैयारी शुरू की. वर्ष 2018 से उन्होंने यूपीपीसीएस के साथ हरियाणा और उत्तराखंड जैसी राज्य स्तरीय परीक्षाओं पर भी ध्यान दिया. कई प्रयासों में उन्हें असफलता मिली. कभी प्रारंभिक परीक्षा तो कभी मुख्य परीक्षा में रुकना पड़ा. उत्तराखंड पीसीएस में वह सिर्फ 0.01 अंक से चयन से चूक गए.
रेलवे स्टेशन पर गुजारी रातें, बीमारी में भी पढ़ाई
तैयारी के दौरान विपुल ने कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया. उनके जीवन में ऐसा समय भी आया, जब उन्हें रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रातें गुजारनी पड़ीं. एक परीक्षा में असफल होने के बाद उन्होंने निराशा में अपना प्रश्नपत्र तक फाड़ दिया था. बुखार होने पर भी वह पढ़ाई करते रहे. इस मुश्किल दौर में उनके भाई ने उन्हें हौसला दिया और बड़े लक्ष्य के साथ छोटे कदमों पर भी ध्यान देने की सलाह दी.
सात साल की मेहनत के बाद बने असिस्टेंट कमिश्नर
लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार विपुल की मेहनत रंग लाई. यूपीपीसीएस 2024 की परीक्षा में उन्होंने सफलता हासिल की और अंतिम चयन सूची में उन्हें असिस्टेंट कमिश्नर का पद मिला. जिस अंग्रेजी और हिंदी माध्यम को लेकर कभी उनकी योग्यता पर सवाल उठाए गए थे, उसी विपुल ने अपनी उपलब्धि से जवाब दिया. उनकी कहानी बताती है कि असफलता कितनी भी बार मिले, मजबूत इरादों और लगातार मेहनत से मंजिल तक पहुंचा जा सकता है.