10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए खुशखबरी, नौसेना में नौकरी का बड़ा मौका; इंडियन नेवी अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए ऐसे करें आवेदन

भारतीय नौसेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती के जरिए युवाओं को अग्निवीर SSR, MR और SSR मेडिकल असिस्टेंट पदों पर शामिल होने का मौका मिलेगा.

X (@ANI)
Babli Rautela

भारतीय नौसेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. भारतीय नौसेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए अग्निवीर SSR, अग्निवीर MR और अग्निवीर SSR मेडिकल असिस्टेंट के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इस प्रक्रिया के माध्यम से अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों को भारतीय नौसेना का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार भारतीय नौसेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindiannavy.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को आवेदन की समय सीमा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है.

  • आवेदन शुरू होने की तिथि

14 मार्च 2026

  • आवेदन की अंतिम तिथि

6 अप्रैल 2026

  • करेक्शन विंडो

10 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026

  • परीक्षा तिथि

INET 2026 परीक्षा मई 2026 में संभावित है.

आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

भारतीय नौसेना अग्निवीर भर्ती के लिए सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है. आवेदन शुल्क 550 रुपये रखा गया है. इसके साथ 18 प्रतिशत जीएसटी भी देना होगा. उम्मीदवार शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं.

पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता

भारतीय नौसेना ने अलग अलग पदों के लिए अलग अलग योग्यता निर्धारित की है.

  • अग्निवीर SSR

इस पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है. उम्मीदवार के पास गणित और फिजिक्स विषय होना चाहिए. इसके अलावा केमिस्ट्री, बायोलॉजी या कंप्यूटर साइंस में से किसी एक विषय का होना भी जरूरी है.

  • अग्निवीर MR

इस पद के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है. इस श्रेणी में शेफ, स्टीवर्ड और हाइजीनिस्ट जैसे पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं.

अग्निवीर SSR मेडिकल असिस्टेंट

इस पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है और मेडिकल क्षेत्र से संबंधित विषयों की योग्यता होना जरूरी है.

आयु सीमा और वैवाहिक स्थिति

अग्निवीर भर्ती के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की गई है. अलग अलग पदों के लिए आयु सीमा अलग हो सकती है. इसके अलावा केवल अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवार ही इस भर्ती प्रक्रिया के लिए पात्र माने जाएंगे. चयन के बाद सेवा अवधि के दौरान भी उम्मीदवारों को अविवाहित रहने की शर्त का पालन करना होगा.

चयन प्रक्रिया कैसे होगी

भारतीय नौसेना अग्निवीर भर्ती की चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी.

  • पहला चरण

INET 2026 के तहत कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा.

  • दूसरा चरण

शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और मेडिकल जांच से गुजरना होगा. फिजिकल टेस्ट में दौड़, उठक बैठक और पुश अप्स जैसे परीक्षण शामिल होते हैं.