BPSC TRE 4.0 Vacancy: बिहार में 32388 शिक्षक पदों पर भर्ती, जानें किस विषय में सबसे ज्यादा सीटें

बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. BPSC TRE 4.0 के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की भर्ती होगी.

Pinterest
Reepu Kumari

Sarkari Naukri: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के चौथे चरण की शिक्षक भर्ती यानी TRE 4.0 के तहत 32,388 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. शिक्षा विभाग ने भर्ती से जुड़ी विषयवार और कक्षावार रिक्तियों का विवरण आयोग को भेज दिया है. भर्ती से पहले सामने आए इस आंकड़े ने उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की दिशा तय करने का मौका दिया है. किस कक्षा में सबसे ज्यादा पद हैं, कौन से विषय में अवसर अधिक हैं और किन पदों में सीटें कम हुई हैं, इसकी पूरी तस्वीर अब साफ हो चुकी है. आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी.

11वीं और 12वीं कक्षा में सबसे ज्यादा अवसर

इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक पद उच्च माध्यमिक स्तर के लिए निर्धारित किए गए हैं. शिक्षा विभाग के प्रस्ताव के अनुसार 11वीं और 12वीं कक्षा के लिए 16,101 शिक्षकों की नियुक्ति होगी. इसके बाद छठी से आठवीं तक 8,563 पद, नौवीं दसवीं के लिए 3,877 पद और पहली से पांचवीं कक्षा के लिए 3,847 पद तय किए गए हैं. इससे स्पष्ट है कि उच्च माध्यमिक स्तर के अभ्यर्थियों को सबसे अधिक अवसर मिलने वाले हैं.

रसायन विज्ञान में सबसे अधिक रिक्तियां

विषयवार रिक्तियों में रसायन विज्ञान सबसे आगे है. इस विषय में 3,695 पद खाली हैं. इसके बाद भौतिक विज्ञान में 1,758, अंग्रेजी में 1,321, वनस्पति विज्ञान में 1,078 और मनोविज्ञान में 1,030 पद हैं. उर्दू, संस्कृत, हिंदी, संगीत, राजनीति शास्त्र, गणित और इतिहास सहित अन्य विषयों में भी अच्छी संख्या में रिक्तियां भेजी गई हैं. इससे विज्ञान और भाषा विषयों के अभ्यर्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे.


माध्यमिक और मध्य विद्यालय में भी अच्छी भर्ती

नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए सामाजिक विज्ञान के 756 पद सबसे अधिक हैं. इसके बाद अंग्रेजी के 696, उर्दू के 660, गणित के 570 और विज्ञान के 463 पद निर्धारित किए गए हैं. वहीं छठी से आठवीं कक्षा के लिए विज्ञान एवं गणित के 2,188 और अंग्रेजी के 1,929 पद हैं. संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, हिंदी और उर्दू में भी पर्याप्त रिक्तियां उपलब्ध हैं.

प्राथमिक स्तर पर सामान्य विषय को प्राथमिकता

पहली से पांचवीं कक्षा तक कुल 3,847 पदों पर भर्ती होगी. इनमें सामान्य विषय के लिए 3,065 पद निर्धारित किए गए हैं. उर्दू के लिए 757 और बांग्ला विषय के लिए 25 पद रखे गए हैं. प्राथमिक स्तर की भर्ती में सामान्य विषय के उम्मीदवारों के पास सबसे अधिक अवसर रहेंगे. इससे प्रारंभिक शिक्षा के अभ्यर्थियों को भी बड़ी संख्या में नियुक्तियों का लाभ मिलेगा.

संशोधित प्रस्ताव में कुछ पद हुए कम

शिक्षा विभाग ने पहले भेजे गए प्रस्ताव में संशोधन भी किया है. पहले नौवीं और दसवीं के लिए 9,083 पद प्रस्तावित थे, जिन्हें घटाकर 3,877 कर दिया गया. वहीं 11वीं और 12वीं के पद 16,774 से घटाकर 16,101 किए गए हैं. हालांकि कुल 32,388 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी रहेगी. अब अभ्यर्थियों की नजर BPSC के आधिकारिक नोटिफिकेशन और ऑनलाइन आवेदन की तारीखों पर टिकी हुई है.