Sarkari Nuakri: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा यानी एसएससी सीजीएल 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का फैसला किया है. यह निर्णय उन अभ्यर्थियों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे. देश की सबसे लोकप्रिय भर्ती परीक्षाओं में शामिल एसएससी सीजीएल के लिए इस बार अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला है. लाखों उम्मीदवार पहले ही आवेदन कर चुके हैं, जबकि अब छूटे हुए अभ्यर्थियों को भी अपना आवेदन पूरा करने का अतिरिक्त अवसर दिया गया है.
कर्मचारी चयन आयोग के ताजा नोटिस के अनुसार आवेदन विंडो 23 जून 2026 की रात 11 बजे से दोबारा खोली गई है. इच्छुक उम्मीदवार 25 जून 2026 की रात 11 बजे तक अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अवसर केवल उन उम्मीदवारों के लिए है, जो पहले आवेदन नहीं कर पाए थे.
आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने के साथ पात्रता निर्धारित करने की कट-ऑफ तारीख भी अब 25 जून 2026 मानी जाएगी. वहीं ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 26 जून 2026 तय की गई है. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें.
आयोग ने आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए भी अलग विंडो निर्धारित की है. उम्मीदवार 1 जुलाई से 3 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे. इससे फॉर्म भरने के दौरान हुई गलतियों को सुधारने का मौका मिलेगा और उम्मीदवारों को राहत मिलेगी.
एसएससी सीजीएल 2026 का नोटिफिकेशन 21 मई को जारी किया गया था. आवेदन प्रक्रिया 22 जून तक चली, जिसके दौरान 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक आवेदन जमा किए. इतनी बड़ी संख्या इस परीक्षा की लोकप्रियता और सरकारी नौकरियों के प्रति युवाओं के आकर्षण को दर्शाती है.
आवेदन की समय सीमा समाप्त होने के बाद आयोग को बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के अनुरोध प्राप्त हुए. कई अभ्यर्थियों ने तकनीकी समस्याओं और व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अतिरिक्त समय की मांग की थी. उम्मीदवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया, जिससे हजारों युवाओं को एक और अवसर मिल गया है.