उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को जल्द बड़ा मौका मिलने वाला है. प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिससे हजारों उम्मीदवारों की उम्मीदें फिर से जाग गई हैं. उच्च शिक्षा निदेशालय को विभिन्न महाविद्यालयों से रिक्त पदों की जानकारी मिल चुकी है और इन्हें उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है.
अधिकारियों के अनुसार अंतिम आंकड़ों का मिलान होने के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा. माना जा रहा है कि यह भर्ती हाल के वर्षों की सबसे बड़ी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्तियों में शामिल हो सकती है.
प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1600 से अधिक पद रिक्त पाए गए हैं. पहले यह संख्या लगभग 1150 बताई जा रही थी, लेकिन हाल के दिनों में अतिरिक्त रिक्तियों की जानकारी मिलने के बाद आंकड़ा बढ़ गया. उच्च शिक्षा निदेशालय ने इन पदों का विवरण आयोग के पोर्टल पर अपलोड करना शुरू कर दिया है, जिससे भर्ती प्रक्रिया को गति मिल सके.
इससे पहले वर्ष 2022 में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1017 पदों पर विज्ञापन जारी किया गया था. उस भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई चरण पूरे किए जा चुके हैं. अब नई रिक्तियों की संख्या पहले की तुलना में काफी अधिक बताई जा रही है. इससे उन उम्मीदवारों को लाभ मिलेगा जो लंबे समय से उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षण पद पाने का इंतजार कर रहे हैं.
उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्राचार्य पदों के लिए 111 रिक्तियों का अधियाचन भी आयोग के पोर्टल पर भेजा है. कई महाविद्यालयों से अभी रिक्त पदों का पूरा विवरण नहीं मिला है. क्षेत्रीय अधिकारियों से सत्यापन रिपोर्ट मांगी गई है, जिसके बाद रिक्तियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है.
प्रदेश में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों की स्थापना का कार्य तेजी से चल रहा है. कुल 150 विद्यालय प्रस्तावित हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इन विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. यहां अंग्रेजी माध्यम, स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, एआई और रोबोटिक्स लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.