यमन तट के पास LPG टैंकर में भीषण विस्फोट, 23 भारतीय नाविकों को बचाया गया, 2 लापता
Yemen LPG Tanker Blast: कैमरून के झंडे वाला यह टैंकर एडन बंदरगाह से दक्षिण-पूर्व दिशा में जिबूती की ओर जा रहा था. शनिवार को अचानक जहाज पर विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई.
Yemen LPG Tanker Blast: एमवी फाल्कन नामक एलपीजी टैंकर में भीषण विस्फोट होने और आग लगने के बाद 23 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है. सभी को सुरक्षित रूप से जिबूती तटरक्षक बल के हवाले कर दिया गया है. हालांकि, चालक दल के दो सदस्य अब भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए खोज अभियान जारी है.
कैमरून के झंडे वाला यह टैंकर एडन बंदरगाह से दक्षिण-पूर्व दिशा में जिबूती की ओर जा रहा था. शनिवार को अचानक जहाज पर विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. एलपीजी से भरा यह टैंकर समुद्र में बहते हुए यमन के तट के नजदीक पहुंच गया. इस हादसे से चालक दल में अफरा-तफरी मच गई.
जैसे ही टैंकर के कप्तान ने आपातकालीन मदद की अपील की, यूएनएवीएफओआर अस्पाइड्स ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया. बचाव अभियान में लगे एमवी मेडा ने मौके पर पहुंचकर चालक दल के 24 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें 23 भारतीय और 1 यूक्रेनी शामिल थे. इसके बाद सभी नाविकों को जिबूती बंदरगाह पर लाया गया और उन्हें जिबूती तटरक्षक बल के सुपुर्द कर दिया गया.
Also Read
- चीन ने ट्रंप के टैरिफ का दिया जवाब, सितंबर में अमेरिकी सोयाबीन आयात पूरी तरह रोका
- पुतिन को तगड़ा झटका! यूरोपीय संघ ने रूस के खिलाफ उठाया ये बड़ा कदम, तबाह हो सकती है पूरी अर्थव्यवस्था!
- 'डोनबास दे दो वरना पुतिन तुम्हें नेस्तनाबूद कर देंगे', जेलेंस्की से बोले ट्रंप, व्हाइट हाउस में चली गाली-गलौज वाली बहस
जहाज का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा आग की चपेट में आया
जानकारी के अनुसार, इस टैंकर में कुल 26 सदस्य सवार थे. अभी भी दो सदस्य लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए समुद्र में सर्च ऑपरेशन जारी है. हादसे में जहाज का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा आग की चपेट में आ गया है. हालांकि आग पर आंशिक रूप से काबू पा लिया गया है, लेकिन नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो सका है.
प्रारंभिक रिपोर्टों में विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों का कहना है कि जहाज LPG लेकर जा रहा था, ऐसे में हल्की सी चिंगारी भी बड़े विस्फोट में बदल सकती थी. विस्फोट के बाद कई घंटे तक जहाज से धुआं उठता रहा.
दो लापता नाविकों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू
वहीं, यूरोपीय यूनियन नेवल फोर्स ने भी दो लापता नाविकों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है. बचाव दल के साथ-साथ जिबूती और यमन के स्थानीय तटरक्षक बल भी इस अभियान में शामिल हैं. भारतीय दूतावास ने भी कहा है कि वह लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी आवश्यक मदद सुनिश्चित की जा रही है.