बांग्लादेश में खसरे का कहर, 1361 मौतों से मचा हड़कंप; जानें क्या भारत पर भी मंडरा रहा खतरा

बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप गंभीर होता जा रहा है. अब तक 1,361 लोगों की मौत हो चुकी है और 2.59 लाख से अधिक संदिग्ध मामले सामने आए हैं. WHO ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर संक्रमण फैलने के खतरे को लेकर चेतावनी दी है.

Pinterest
Km Jaya

बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है. देश में अब तक इस बीमारी से 1,361 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2.59 लाख से अधिक संदिग्ध मामले सामने आए हैं. स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के मुताबिक, मंगलवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में 9 और बच्चों की मौत दर्ज की गई. 

लगातार बढ़ते मामलों ने बांग्लादेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. अब इस संक्रमण के भारत समेत पड़ोसी देशों में फैलने की आशंका भी बढ़ गई है.

संक्रमण का खतरा 

भारत और बांग्लादेश के बीच लंबी जमीनी सीमा होने के कारण संक्रमण का खतरा गंभीर माना जा रहा है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी दी है कि दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही और टीकाकरण में मौजूद कमियों के कारण खसरा सीमा पार फैल सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भारत में तत्काल देशव्यापी प्रकोप फैलने वाला है. विशेषज्ञों के अनुसार, संक्रमण को रोकने के लिए टीकाकरण और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना जरूरी है.


बांग्लादेश में तेजी से क्यों फैल रहा खसरा?

WHO के 23 अप्रैल के अपडेट के अनुसार, बांग्लादेश में खसरे के तेजी से फैलने की प्रमुख वजह टीकाकरण में रुकावट और लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता की कमी है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2024-2025 के दौरान देश में खसरा-रूबेला (MR) वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया था. इसके अलावा नियमित टीकाकरण में कमियों और वर्ष 2020 के बाद से देशव्यापी अतिरिक्त टीकाकरण अभियान नहीं चलाए जाने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे संक्रमण के खतरे में आ गए.

संक्रमित बच्चों में बड़ी संख्या ऐसे बच्चों की है, जिन्हें खसरे का टीका नहीं लगा था या केवल एक खुराक मिली थी. कुछ छोटे बच्चे नियमित टीकाकरण की उम्र तक पहुंचने से पहले ही संक्रमण की चपेट में आ गए. WHO ने बांग्लादेश में संक्रमण के खतरे को राष्ट्रीय स्तर पर उच्च श्रेणी में रखा है. पिछले महीने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी इस प्रकोप के लिए सरकारी लापरवाही और टीकाकरण व्यवस्था के ठप होने को जिम्मेदार ठहराया था.

क्या भारत के लिए भी बढ़ सकती है मुश्किल?

बांग्लादेश में संक्रमण बढ़ने का असर भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी पड़ सकता है. WHO ने ढाका, चट्टोग्राम, सिलहट और कॉक्स बाजार जैसे शहरों को आवाजाही के प्रमुख केंद्र बताया है. इसके अलावा जशोर और चपाईनवाबगंज जैसे संक्रमण प्रभावित सीमावर्ती इलाकों से भी भारत में बीमारी पहुंचने का जोखिम है.

WHO ने सीमा पार संक्रमण फैलने की आशंका को काफी अधिक और क्षेत्रीय स्तर पर जोखिम को उच्च बताया है. हालांकि, भारत के लिए राहत की बात यह है कि यहां खसरे के टीकाकरण का दायरा काफी व्यापक है. WHO-UNICEF के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत में खसरे के टीके की पहली खुराक का कवरेज 98 प्रतिशत और दूसरी खुराक का कवरेज 95 प्रतिशत रहा. यह व्यापक टीकाकरण संक्रमण के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रदान करता है.

खसरे के लक्षण क्या हैं और कैसे फैलता है?

खसरा एक बेहद संक्रामक वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने और सांस के जरिए निकलने वाली बूंदों से फैलती है. संक्रमण के संपर्क में आने के लगभग 10 से 14 दिनों बाद इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं. इसके शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, नाक बहना और आंखों का लाल होना या उनसे पानी आना शामिल है. इसके अलावा मुंह के अंदर छोटे सफेद धब्बे दिखाई दे सकते हैं. कुछ समय बाद शरीर पर लाल चकत्ते उभरने लगते हैं, जो आमतौर पर चेहरे और सिर से शुरू होकर धीरे-धीरे पूरे शरीर में फैल जाते हैं.

बांग्लादेश में बढ़ते मामलों के बीच भारत के सीमावर्ती राज्यों में सतर्कता बरतना जरूरी है. बच्चों का निर्धारित टीकाकरण पूरा कराना, संदिग्ध लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना और संक्रमण की निगरानी करना इस बीमारी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय हैं.