कौन हैं बांग्लादेश के आर्मी चीफ जनरल वकर उज जमान, शेख हसीना के इस्तीफे के बाद जो बनाने जा रहे अंतरिम सरकार
बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शनों का दौर पिछले महीने से शुरू हुआ, जब छात्र संगठनों ने सरकारी नौकरी में जारी विवादित आरक्षण सिस्टम के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की. नौकरियों में कोटा या आरक्षण के खिलाफ बुलंद होती छात्रों की अवाज ने आंदोलन का रूप ले लिया. छात्रों ने शेख हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी. शेख हसीना पिछले 15 सालों से लगातार सत्ता में थीं.
About Bangladesh Army Chief Waker-uz-Zaman: बांग्लादेश में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. एक महीने पहले ही बांग्लादेश के सेना प्रमुख का पद संभालने वाले वकर उज जमान ने प्रधानमंत्री के इस्तीफे को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि शेख हसीना ने देश छोड़ दिया है और अब अंतरिम सरकार देश की शासन व्यवस्था को चलाएगी.
48 घंटे के भीतर बनेगी सरकार
जमान ने कहा कि हम 48 घंटे के भीतर अंतरिम सरकार का गठन करेंगे. उन्होंने कहा कि मेरी देश की सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों से इसको लेकर बात हुई है और इसके बाद ही हमने अंतरिम सरकार बनाने का फैसला लिया है.
सरकार बनाने में सेना की कोई भूमिका होगी या नहीं आर्मी चीफ ने यह स्पष्ट तो नहीं किया मगर उन्होंने इतना जरूर कहा कि अब हम राष्ट्रपति के पास जाएंगे और अंतरिम सरकार बनाने और राष्ट्र को संभालने के लिए उनसे चर्चा करेंगे.
बांग्लादेश में क्यों बिगड़े हालात
पूरा बांग्लादेश इस समय हिंसा की आग में जल रहा है. आम जन और पुलिसकर्मियों समेत इस हिंसक प्रदर्शन में अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है.
बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शनों का दौर पिछले महीने से शुरू हुआ, जब छात्र संगठनों ने सरकारी नौकरी में जारी विवादित आरक्षण सिस्टम के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की. नौकरियों में कोटा या आरक्षण के खिलाफ बुलंद होती छात्रों की अवाज ने आंदोलन का रूप ले लिया. छात्रों ने शेख हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी. शेख हसीना पिछले 15 सालों से लगातार सत्ता में थीं और हाल ही में हुए चुनाव में उन्होंने लगातार चौथी पर प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. बांग्लादेश में हुई हिंसा में अब तक करीब 250 लोगों की मौत हो चुकी है.
कौन हैं बांग्लादेशी आर्मी चीफ वकर उज जमान
58 वर्षीय जमान ने 23 जून को आर्मी चीफ के पद की शपथ ली थी. वह तीन साल तक इस पद पर बने रहेंगे. 1966 में ढाका में जन्मे जमान की शादी जनरल मुहम्मद मुस्तफिजुर रहमान की बेटी सारानाज कमालिका जमान से हुई थी जो 1997 से 2000 तक सेना प्रमुख थे. बांग्लादेश की आर्मी वेबासइट के अनुसार, जमान ने रक्षा अध्ययन में नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ बांग्लादेश से मास्टर डिग्री हासिल की है, इसके अलावा उन्होंने लंदन के किंग्स जॉर्ज कॉलेज से रक्षा अध्ययन में एमए किया है.
आर्मी चीफ बनने से पहले वह 6 महीनों तक चीफ ऑफ जनरल स्टाफ रहे. आर्मी वेबसाइट के अनुसार जमान ने सेना के आधुनिकीकरण को लेकर भी काफी काम किया है. देश में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच जमान ने सैन्यकर्मियों को जनता और सार्वजनिक संपत्तियों की हर हाल में रक्षा करने का आदेश दिया है. साढ़े तीन दशक के करियर में, उन्होंने शेख हसीना के साथ मिलकर काम किया और प्रधानमंत्री कार्यालय के तहत सशस्त्र बल प्रभाग में प्रमुख स्टाफअधिकारी के रूप में भी किया है.