पायलट पर चाकू से हमला! हाईजैक का सिग्नल मिलने से पहले फ्लाईदुबई कॉकपिट में क्या हुआ?
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट को बीच रास्ते में सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा.
फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट बुधवार को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी. विमान में बड़ी संख्या में इजराइली यात्री सवार थे. उड़ान के दौरान विमान से आपात संकेत मिलने के बाद स्थिति अचानक गंभीर हो गई.
संकेत मिलने के बाद विमान ने अपना रास्ता बदल दिया. इसके बाद इसे उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया. फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं.
7700 के बाद आया 7500 कोड
फ्लाइट ट्रैकिंग के मुताबिक विमान ने पहले स्क्वॉक 7700 भेजा. विमानन क्षेत्र में यह कोड सामान्य आपात स्थिति के लिए इस्तेमाल किया जाता है. कुछ देर बाद कोड 7500 प्रसारित हुआ, जिसका संबंध विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप से होता है और इसे संभावित हाईजैकिंग की स्थिति में गंभीर संकेत माना जाता है. इस बदलाव के बाद इजराइली सुरक्षा तंत्र सक्रिय हो गया. 7500 कोड मिलने के बाद इजरायल में संभावित हाईजैकिंग को लेकर चिंता बढ़ गई. रिपोर्टों के मुताबिक, इजराइली वायुसेना ने लड़ाकू विमान रवाना किए और सुरक्षा अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखी. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से भी कहा गया कि मामले पर नजर रखी जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है.
Also Read
कॉकपिट में पायलटों के बीच झगड़े की बात
बाद की जानकारी में सामने आया कि विमान में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा हाईजैक किए जाने के बजाय कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच शारीरिक विवाद हुआ था. एक इजराइली अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि पायलटों के बीच झड़प के बाद आपात संकेत भेजे गए. कुछ मीडिया रिपोर्टों में कॉकपिट के भीतर चाकू से हमला होने का भी दावा किया गया है, लेकिन इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. फ्लाइट ट्रैकिंग आंकड़ों में विमान की ऊंचाई में अचानक तेज गिरावट भी दर्ज हुई. रॉयटर्स के मुताबिक, विमान करीब 14 हजार फीट नीचे आया और इसके बाद तबुक की ओर मोड़ दिया गया. इस दौरान यात्रियों के बीच घबराहट की स्थिति पैदा होने की खबरें हैं. फ्लाइट के सऊदी अरब में उतरने के बाद सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई.