IPL 2026 US Israel Iran War

व्हाइट हाउस के बाहर सरेराह फायरिंग से मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन DC में व्हाइट हाउस के पास रविवार तड़के हुई फायरिंग के बाद हड़कंप मच गया है. घटना के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप परिसर में ही मौजूद थे. हमलावर फिलहाल फरार है और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ठिकानों में से एक, अमेरिकी राष्ट्रपति आवास 'व्हाइट हाउस' के बाहर रविवार तड़के गोलियों की गूंज सुनाई दी. वॉशिंगटन DC के लाफायेट पार्क के पास हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की यह घटना रविवार तड़के उस समय हुई जब राजधानी का यह हिस्सा काफी शांत था. अधिकारियों ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार होने में सफल रहा.

वारदात के तुरंत बाद ही सीक्रेट सर्विस ने मोर्चा संभाल लिया है. पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और कई ब्लॉक को सील कर दिया गया है. सीक्रेट सर्विस की टीमें मेट्रोपोलिटन पुलिस डिपार्टमेंट और यू.एस. पार्क पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से एक संदिग्ध व्यक्ति और एक वाहन की तलाश कर रही हैं. फिलहाल जांच एजेंसियां किसी भी संदिग्ध की पहचान उजागर करने से बच रही हैं. गौरतलब है कि जिस लाफायेट पार्क के पास फायरिंग हुई, वह पिछले कुछ हफ्तों से मरम्मत के कारण बंद है और वहां चारों ओर भारी बैरिकेडिंग की गई है, जिससे सुरक्षा घेरे में सेंधमारी की यह कोशिश और भी गंभीर हो जाती है.

घटना के वक्त व्हाइट हाउस में थे ट्रंप 

फायरिंग के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर ही मौजूद थे. हालांकि, इस घटना का उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों पर खास असर नहीं पड़ा. रविवार को उनके काफिले को मेमोरियल सर्कल के पास देखा गया, जहां वह 'इंडिपेंडेंस आर्च' बनाने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना का जायजा लेने पहुंचे थे. इसके बाद वह वर्जीनिया स्थित अपने 'ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब' के लिए रवाना हुए. दिन का समापन उन्होंने व्हाइट हाउस में अपने परिवार के साथ ईस्टर के एक निजी डिनर के साथ किया. प्रशासन का कहना है कि व्हाइट हाउस का कामकाज सामान्य रूप से जारी है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को पहले से कहीं ज्यादा सख्त कर दिया गया है.

सुरक्षा पर गहराते सवाल 

हाल के महीनों में राष्ट्रपति ट्रंप के इर्द-गिर्द सुरक्षा की चूक के कई मामले सामने आए हैं. पिछले सप्ताह ही फ्लोरिडा में एयरफोर्स-वन के पास एक संदिग्ध विमान की उपस्थिति के कारण एफ-16 (F-16) विमानों को अलर्ट पर भेजा गया था. इससे पहले 13 जुलाई 2024 को एक रैली के दौरान उन पर हुआ जानलेवा हमला और गोल्फ क्लब के पास रयान रॉथ की गिरफ्तारी जैसी घटनाओं ने अमेरिकी सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.