भारत ने दिया ऐसा सम्मान, गदगद हुए ट्रंप, बोले- ऐसा करने वाला पहला देश
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हैदराबाद में उनके नाम पर सड़क का नाम रखे जाने पर भारत का आभार व्यक्त किया. उन्होंने इसे अभूतपूर्व सम्मान बताते हुए कहा कि इस तरह सम्मानित होने वाले वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं.
हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर सड़क का नाम रखे जाने के बाद उन्होंने भारत के प्रति सार्वजनिक रूप से आभार जताया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इसे अपने लिए विशेष सम्मान बताते हुए खुशी व्यक्त की और भारत का धन्यवाद किया. यह फैसला अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामने आया. समारोह में भारत और अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक व आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता दोहराई.
भारत के सम्मान पर ट्रंप की प्रतिक्रिया
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि हैदराबाद में उनके नाम पर नई सड़क बनाई गई है और इस तरह सम्मानित होने वाले वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं. उन्होंने भारत का धन्यवाद करते हुए इसे अपने लिए अभूतपूर्व सम्मान बताया. ट्रंप की यह प्रतिक्रिया सामने आने के बाद यह विषय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आ गया.
किस सड़क का बदला गया नाम?
हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास स्थित सड़क पहले 'यूएस कॉन्सुलेट रोड' के नाम से जानी जाती थी. मंगलवार को इसका नाम बदलकर 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' कर दिया गया. यह इलाका गूगल, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कई प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के दफ्तरों के करीब स्थित है, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है.
Also Read
समारोह में कई बड़े अधिकारी रहे मौजूद
सड़क के नए नाम की स्मारक पट्टिका का अनावरण अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में किया गया. इस दौरान भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लु भट्टी विक्रमारा और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच सहयोग को और मजबूत करना बताया गया.
हैदराबाद की भूमिका पर अमेरिका का जोर
कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि हैदराबाद दोनों देशों की साझेदारी का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है. उन्होंने कहा कि तकनीक, एयरोस्पेस और रक्षा जैसे क्षेत्रों में यहां तेजी से सहयोग बढ़ रहा है. साथ ही उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों और भविष्य के निवेश को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए.
तेलंगाना सरकार ने भी जताई प्रतिबद्धता
तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लु भट्टी विक्रमारा ने कहा कि अमेरिका और तेलंगाना के बीच केवल आर्थिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक संबंध भी लगातार मजबूत हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी अमेरिका के साथ द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही उन्होंने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के नए भवन में स्थानीय विरासत को सम्मान देने की भी सराहना की.