बीजिंग के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट स्थित 109 मंजिला सिटिक टॉवर से शुक्रवार को एक छोटे विमान की टक्कर होने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. टक्कर के बाद विमान के परखच्चे उड़ गए और उसके मलबे के टुकड़े इमारत के नीचे गिरते दिखाई दिए. शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे के बाद राहत और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.
बताया जा रहा है कि हादसा बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत सिटिक टॉवर, जिसे 'चाइना जून' के नाम से भी जाना जाता है, में हुआ. करीब 1,700 फीट ऊंची इस इमारत से टकराते ही विमान के परखच्चे उड़ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि इमारत की कुछ खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं और नीचे की ओर धुआं उठता दिखाई दिया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के टुकड़े जमीन पर गिरते और इमारत के एक हिस्से में क्षति दिखाई दे रही है. हालांकि अधिकारियों ने अभी नुकसान की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है.
A small aircraft crashed into Beijing’s tallest skyscraper
— NEXTA (@nexta_tv) June 26, 2026
In Beijing, a light aircraft, the Sunward SA60L Aurora, crashed into the CITIC Tower (China Zun), the tallest building in the Chinese capital.
The aircraft was completely destroyed on impact, and its wreckage and small… pic.twitter.com/lv8K49D8l7
स्थानीय मीडिया के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान एक छोटा निजी विमान था. प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि विमान ने उड़ान भरने के कुछ समय बाद वापसी की तैयारी की थी, लेकिन रास्ते से भटक गया. फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम पर उसका सिग्नल बीजिंग की ईस्ट फिफ्थ रिंग रोड क्षेत्र के पास अचानक गायब हो गया, जिसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका. इसके कुछ ही समय बाद विमान के सिटिक टॉवर से टकराने की सूचना मिली. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है.
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल, चिकित्सा और आपदा राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. पूरे इलाके को घेरकर बचाव और जांच अभियान शुरू किया गया. अधिकारियों ने अभी तक किसी के घायल होने या मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि इमारत के भीतर मौजूद लोगों को कोई नुकसान पहुंचा या नहीं. जांच एजेंसियां विमान के उड़ान रिकॉर्ड, तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के संभावित कारणों की पड़ताल कर रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.