अगले साल भारत आएंगे US राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप! मार्को रुबियो ने दिया बड़ा बयान
ट्रंप का आगामी दौरा और व्यापार समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई दे सकता है. रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग और बढ़ने की उम्मीद है.
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और व्यापारिक संबंध अब नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे. रुबियो खुद भारत आने वाले हैं. उनका मकसद दोनों देशों के बीच लंबे समय से चर्चा में चल रहे व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को जल्द से जल्द पूरा करना और ट्रंप के दौरे की तैयारियां करना है.
रुबियो ने पीएम नरेंद्र मोदी की खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत एक वैश्विक ताकत बनकर उभरा है. दोनों नेताओं के बीच का निजी रिश्ता दोनों देशों के मजबूत संबंधों की सबसे बड़ी नींव है. रुबियो ने खुद को पीएम मोदी का बड़ा प्रशंसक बताया.
Also Read
क्रूड ऑयल और वीजा पर अहम बात:
भारत की तारीफ करते हुए रुबियो ने कहा कि भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल है जो भारी कच्चे तेल (हैवी क्रूड ऑयल) को रिफाइन करने की क्षमता रखता है. इस समय भारत, अमेरिका और वेनेजुएला मिलकर क्रूड ऑयल की सप्लाई बढ़ाने पर काम कर रहे हैं. वीजा व्यवस्था में हो रहे बदलावों पर रुबियो ने साफ किया कि ये बदलाव भारत को निशाना बनाकर नहीं किए जा रहे हैं.
अमेरिकी राजदूत का बयान:
अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने भी सकारात्मक संकेत दिए. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका प्राकृतिक साझेदार हैं. दोनों देशों के बीच अपार संभावनाएं हैं. व्यापार समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में है. राजदूत ने यह भी कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंध दोनों देशों की साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत हैं. दोनों नेता कई वैश्विक मुद्दों पर एक जैसी सोच रखते हैं.