चीन और हांगकांग को लेकर अमेरिका ने लिया बड़ा फैसला, जानने के लिए पढ़ें ये खबर
USA China News: अमेरिका ने हांगकांग और चीनी अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाया है. अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर के मुतााबिक, वह लोकतंत्र समर्थकों के खिलाफ सुनाए गए फैसले से बेहद चिंतित है.
USA China News: अमेरिकी विदेश विभाग ने शुक्रवार को कहा कि वह हांगकांग में लोकतंत्र समर्थकों को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून मुकदमे के तहत दोषी ठहराने वाले अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा रहा है. दरअसल हांगकांग और चीनी अधिकारियों ने हांगकांग के लोकतंत्र समर्थकों के खिलाफ फैसला सुनाया था. अमेरिका ने यह फैसला सुनाने वाले अधिकारियों को अमेरिकी वीजा से प्रतिबंधित कर दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, हांगकांग के चौदह लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं को गुरुवार को एक ऐतिहासिक मामले में दोषी करार दिया गया और दो लोगों को आरोपों से बरी कर दिया गया. इस मामले पर आलोचकों का कहना है कि इससे शहर के कानून के शासन और वैश्विक वित्तीय केंद्र के रूप में इसकी प्रतिष्ठा को एक और झटका लग सकता है.
अमेरिका इस फैसले से चिंतित
विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने एक बयान में कहा हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक आयोजकों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के मुकदमे में सुनाए गए फैसले से अमेरिका बेहद चिंतित है. पीड़ितों के ऊपर राजनीतिक रूप से प्रेरित मुकदमा चलाया गया और उन्हें केवल हांगकांग के मूल कानून के तहत संरक्षित राजनीतिक गतिविधियों में शांतिपूर्वक भाग लेने के कारण जेल में डाल दिया गया.
घरों से किया गया था गिरफ्तार
मिलर ने कहा कि इसके कारण अमेरिका इस सुरक्षा कानून को लागू करने के लिए जिम्मेदार चीनी और हांगकांग के अधिकारियों पर पाबंदी लगाने का निर्णय लिया है. हांगकांग में लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग करने वाले विपक्ष के खिलाफ सबसे बड़े मुकदमे में यह फैसला तीन साल से अधिक समय बाद आया है. पुलिस ने इस दौरान 47 डेमोक्रेट्स को घरों से अरेस्ट कर लिया था.
चीन के दमनकारी नियम
लोकतंत्र समर्थकों के ऊपर चीन द्वारा लागू राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत षड़यंत्र रचने का आरोप लगाया गया था. अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि वह चीव और हांगकांग के अधिकारियों से अपील करता है कि वे असंतोष और विरोध को रोकने के लिए असपष्ट सुरक्षा कानूनों का उपयोग करना बंद करें.