रूस और यूक्रेन के बीच पीछले पांच सालों से युद्ध जारी है. इसी बीच यूक्रेन अब आय के नए स्त्रोत को तलाश रहा है. इसके लिए जेलेंस्की सरकार 'पोर्नोग्राफी' को कानूनी मान्यता देने का प्रस्ताव रख रहे हैं.
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी सांसद यारोस्लाव जेलेजनियाक इस प्रस्ताव के प्रमुख समर्थकों में शामिल हैं. उनका अनुमान है कि एडल्ट मनोरंजन उद्योग को कानूनी दायरे में लाने से सरकार को करीब 25 मिलियन डॉलर का अतिरिक्त राजस्व मिल सकता है.
यूक्रेनी संसद की वित्त समिति के प्रमुख जेलेजनियाक का कहना है कि इस रकम का इस्तेमाल युद्ध में किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि इससे लगभग 30 हजार ड्रोन खरीदे जा सकते हैं. रूस के साथ लंबे समय से जारी युद्ध में ड्रोन यूक्रेन की सैन्य रणनीति का अहम हिस्सा बने हुए हैं. फिलहाल यूक्रेन में पोर्नोग्राफी बनाना, अपने पास रखना या उसका वितरण करना कानूनन अपराध है. ऐसे मामलों में सात साल तक की जेल का प्रावधान है.
हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिबंधों के बावजूद देश में एडल्ट कंटेंट का कारोबार जारी है. समस्या तब और जटिल हो गई जब सरकार ने इस क्षेत्र से जुड़े लोगों से कर वसूलना शुरू किया. आय घोषित करने वाले कुछ क्रिएटर्स को बाद में कथित तौर पर ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जिनमें गैरकानूनी एडल्ट कंटेंट बनाने के आरोप शामिल थे.
जेलेजनियाक ने मौजूदा स्थिति को विरोधाभासी बताया. उनके मुताबिक, एडल्ट कंटेंट बनाने वालों के सामने एक तरफ आय पर कर चुकाने की जिम्मेदारी है, जबकि दूसरी तरफ उसी गतिविधि के लिए आपराधिक कार्रवाई का खतरा बना हुआ है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि भ्रष्ट अधिकारियों की मदद से यह उद्योग लंबे समय से चलता रहा है. यूक्रेन के अभियोजक कार्यालय ने हाल में ऐसे मामले सामने आने की जानकारी दी, जिनमें अधिकारियों पर हजारों डॉलर की रिश्वत लेने के आरोप लगे.
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' के अनुसार, फेनिक्स इंटरनेशनल के आंकड़ों में दावा किया गया है कि वर्ष 2023 में करीब 7,900 यूक्रेनी लोगों ने ओनलीफैन्स के जरिए 131 मिलियन डॉलर से अधिक कमाए. सरकार के लिए यह आंकड़ा इस उद्योग से मिलने वाले संभावित कर राजस्व का संकेत भी है. कुछ क्रिएटर्स ने पुलिस कार्रवाई और कानूनी अनिश्चितता के कारण देश छोड़ने या यूरोप के दूसरे देशों में जाने का फैसला किया है.