ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की ऐतिहासिक बैठक आज, यूक्रेन-ईरान युद्ध और परमाणु हथियारों पर होगी चर्चा
आज चीन के शेनझेन शहर में दुनिया की तीन बड़ी ताकतों अमेरिका, चीन और रूस के नेता मुलाकात रने जा रहे हैं. यह एक ऐतिहासिक बैठक होने वाली है.
नई दिल्ली: आज चीन के शेनझेन शहर में दुनिया की तीन बड़ी ताकतों अमेरिका, चीन और रूस के नेता मुलाकात रने जा रहे हैं. यह एक ऐतिहासिक बैठक होने वाली है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय बैठक में शामिल होंगे. इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है, जिसमें यूक्रेन युद्ध, ईरान संघर्ष, परमाणु हथियारों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और वैश्विक सुरक्षा आदि शामिल हैं.
रूसी क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के मुताबिक, तीनों नेताओं की यह बैठक 60 मिनट तक या उससे कम समय तक चल सकती है. बुधवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के डिनर के दौरान तीनों नेताओं को आपस में बातचीत करते हुए भी देखा गया.
यूक्रेन और ईरान युद्ध पर क्या होगी चर्चा?
बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान से जुड़े संघर्ष प्रमुख मुद्दे रहेंगे. तीनों देश मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और दुनिया में शांति बनाए रखने के तरीकों पर विचार कर सकते हैं. इस बैठक को लेकर चीन का कहना है कि बड़ी शक्तियों के बीच रिश्तों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. साथ ही वैश्विक स्थिरता बनाए रखने पर भी चर्चा हो सकती है.
Also Read
परमाणु हथियार और AI भी होंगे अहम मुद्दे:
बैठक में परमाणु हथियारों को कम करने और हथियार नियंत्रण पर भी चर्चा हो सकती है. अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों से जुड़ी पुरानी संधि खत्म होने के बाद वैश्विक सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं. चीन फिलहाल अमेरिका और रूस के साथ परमाणु हथियारों पर समान स्तर की बातचीत में शामिल होने को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं है, क्योंकि उसका परमाणु हथियारों का भंडार दोनों देशों से काफी छोटा है.
इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल परमाणु हथियारों और सैन्य फैसलों में किस तरह किया जाए, इस पर भी चर्चा संभव है. AI के बढ़ते इस्तेमाल के कारण भविष्य में युद्ध और सुरक्षा की रणनीतियां बदल सकती हैं.
तीनों नेताओं के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह बैठक?
डोनाल्ड ट्रंप के लिए यह बैठक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कूटनीतिक ताकत दिखाने का अवसर है. शी जिनपिंग के लिए चीन की वैश्विक भूमिका मजबूत करने का मौका है, जबकि पुतिन इस बैठक के जरिए दुनिया के बड़े नेताओं के साथ सीधे संवाद कर रूस की वैश्विक अहमियत दिखाना चाहते हैं.
इस बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसके फैसले और चर्चाएं आने वाले समय में वैश्विक राजनीति, युद्ध और सुरक्षा की दिशा को प्रभावित कर सकती हैं.