'ये प्रेम मोल लिया' का दमदार ट्रेलर आउट, शरवरी के लिए शादी की परंपरा पलटेंगे आयुष्मान, इस तारीख को रिलीज होगी फिल्म

सूरज बड़जात्या द्वारा निर्देशित यह प्रेम कहानी विवाह की पारंपरिक धारणाओं को चुनौती देती है और एक सीधा सा सवाल उठाती है: किसने तय किया कि शादी के बाद महिला को ही अपना घर छोड़ना पड़ेगा?

X
Sagar Bhardwaj

आयुष्मान खुराना और शरवरी की बहुप्रतिक्षीत फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया. सूरज बड़जात्या द्वारा निर्देशित यह प्रेम कहानी विवाह की पारंपरिक धारणाओं को चुनौती देती है और एक सीधा सा सवाल उठाती है: किसने तय किया कि शादी के बाद महिला को ही अपना घर छोड़ना पड़ेगा?

फिल्म में प्रेम मिश्रा का किरदार निभा रहे आयुष्मान खुराना फिल्म की नायिका शरवरी यानी पूर्वा सोलंकी के प्यार में पड़ जाते हैं. फिल्म की कहानी प्रेम मिश्रा के ही इर्द-गिर्द घूमती है. प्रेम मिश्रा को जल्द ही एहसास हो जाता है उनकी प्रेम कहानी का अंत अन्य पारंपरिक कहानियों की तरह सुखद नहीं होने वाला. पूर्वा के परिवार में कई महिलाएं हैं और वह अपने घर में अकेली कमाने वाली है जिसके कारण उसके लिए शादी करना कठिन हो गया है. वर्तमान परंपराओं के अनुसार, वह अपने परिवार को छोड़कर अपने पति का घर नहीं बसा सकती.



यहीं से कहानी मोड़ लेती है. दोनों शादी की सामाजिक परंपराओं को तोड़ते हुए एक बड़ा फैसला लेते हैं. दोनों के बीच तय होता है कि शादी के बाद प्रेम अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर पर रहने आएगा. ट्रेलर में प्रेम अपने दादा (अनुपम खेर) से कहता है: कहां के संविधान में लिखा है, कौन से वेद पुराणों में लिखा है कि लड़की ही मायका छोड़कर ससुराल आएगी?

जैसे-जैसे फिल्म का ट्रेलर आगे बढ़ता है, दोनों परिवारों को एक साथ लाने से उत्पन्न हुई अराजकता के आगे दोनों का रोमांस पीछे छूट जाता है. दोनों परिवारों के बीच बात-बात पर विवाद होने लगता है. दोनों परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ जाता है कि प्रेम के पिता पूर्वा के परिवार को कोर्ट तक ले जाते हैं. ट्रेलर इस उत्सुकता के साथ दर्शकों को छोड़ जाता है कि दोनों परिवारों के बीच का विवाद कोर्ट में सुलझ पाएगा या नहीं. यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.