IPL 2026 US Israel Iran War

रूस-यूक्रेन शांति समझौते में देरी को लेकर पुतिन पर भड़के ट्रंप, 50 दिन की जगह 10 दिन की डेडलाइन की तय

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अब सिर्फ 10 से 12 दिन की समयसीमा दी है. ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि इस समय में शांति समझौता नहीं हुआ, तो रूस और उसके व्यापारिक साझेदारों पर सख्त सेकेंडरी टैरिफ लगाए जाएंगे.

WEB
Kuldeep Sharma

यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका और रूस के बीच तनाव एक बार फिर तेज हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पुराने रुख में बदलाव करते हुए पुतिन को अब सिर्फ 10 से 12 दिन का अल्टीमेटम दिया है. अगर इस अवधि में शांति समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा सकता है. ट्रंप ने यह बयान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केयर स्टारमर के साथ मुलाकात से पहले दिया.

ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ स्कॉटलैंड में बातचीत से पहले ट्रंप ने मीडिया से कहा, “मैं राष्ट्रपति पुतिन से बहुत निराश हूं. मैंने उन्हें पहले 50 दिन दिए थे, लेकिन अब मुझे लगता है कि मुझे पहले से ही पता है क्या होने वाला है, इसलिए मैं यह समयसीमा घटा रहा हूं.” उन्होंने दो टूक कहा कि अब और इंतजार करने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि पुतिन बार-बार वादाखिलाफी कर रहे हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि वह अब पुतिन से इस मुद्दे पर बात करने में खास रुचि नहीं रखते.

सेकेंडरी टैरिफ और हथियारों की आपूर्ति का संकेत

ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर रूस ने तय समय के भीतर समझौता नहीं किया, तो अमेरिका रूस के व्यापारिक साझेदारों पर भी सेकेंडरी टैरिफ लगाएगा. उन्होंने कहा कि ये टैरिफ 100 प्रतिशत तक हो सकते हैं और वह इस पर आधिकारिक घोषणा जल्द ही कर सकते हैं. इसके साथ ही ट्रंप ने यूक्रेन को और अधिक सैन्य सहायता देने की बात कही, जिसमें पैट्रियट मिसाइल सिस्टम और अन्य हथियार शामिल हो सकते हैं.

यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का किया था वादा

ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान यूक्रेन युद्ध को जल्द खत्म करने का वादा किया था. उन्होंने कहा कि पुतिन ने शांति की बात तो की, लेकिन उसके बाद भी यूक्रेन के शहरों पर बमबारी जारी रखी. ट्रंप ने बताया कि पहले भी चार बार समझौते की बात बनी, लेकिन हर बार रात में बमबारी शुरू हो गई, जिससे समझौते का कोई मतलब नहीं रह गया. उन्होंने कहा, “पुतिन बहुत सुंदर शब्दों में बात करते हैं, लेकिन रात होते ही बम फेंकते हैं. मुझे ये सब पसंद नहीं.”