ट्रंप का ‘इंडिया-ब्राजील’ कन्फ्यूजन! राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कर बैठे ब्लंडर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में भारत और ब्राजील के चुनाव को लेकर एक बड़ी गलती कर दी. इस गलती ने सभी का ध्यान खींच लिया.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में भारत और ब्राजील के चुनाव को लेकर एक बड़ी गलती कर दी. इस गलती ने सभी का ध्यान खींच लिया. ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर भारत और ब्राजील को एक-दूसरे से कंफ्यूज कर दिया. हालांकि, ये कंफ्यूजन था या कुछ और ये बता पाना मुश्किल है. 

बता दें कि पहले पोस्ट में ट्रंप ने दावा था किया कि भारत में राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में करीब 12.5 करोड़ लोगों ने वोट किया और उसी दिन नतीजे भी आ गए. हालांकि, ऐसा कोई चुनाव भारत में हुआ ही नहीं था. ट्रंप जिस चुनाव का जिक्र कर रहे थे, वह दरअसल ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव था. बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट में ‘India’ की जगह ‘Brazil’ कर दिया.

ब्राजील में हुआ था चुनाव: 

ट्रंप की पोस्ट के एक दिन पहले यानी 4 अक्टूबर 2026 को ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव का पहला दौर हुआ था. करीब 12.45 करोड़ लोगों ने मतदान किया था. यही आंकड़ा ट्रंप के पोस्ट में बताए गए 125 मिलियन वोट के बेहद करीब है. ट्रंप ने अपनी पोस्ट को एडिट कर उसमें India’s Presidential Election की जगह Brazil’s Presidential Election लिख दिया. इसके बाद साफ हुआ कि ट्रंप ब्राजील के चुनाव की बात कर रहे थे और गलती से भारत का नाम लिख दिया था. 


भारत में सीधे राष्ट्रपति का चुनाव नहीं होता:

ट्रंप के बयान में सिर्फ देश का नाम ही गलत नहीं था, बल्कि भारत की चुनाव व्यवस्था को लेकर भी एक बड़ी गलती थी. भारत में आम लोग सीधे राष्ट्रपति के लिए वोट नहीं करते. भारत के राष्ट्रपति का चुनाव एक इलेक्ट्रॉल कॉलेज करता है. इसमें संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य और राज्यों तथा दिल्ली-पुडुचेरी की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं. चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व और सिंगल ट्रांसफरेबल वोट सिस्टम के जरिए होता है. 

भारत में आम मतदाता लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सीधे अपने प्रतिनिधियों को चुनते हैं. इसके बाद लोकसभा में बहुमत रखने वाली पार्टी या गठबंधन का नेता प्रधानमंत्री बनता है.

पहले भी भारत के चुनाव का जिक्र कर चुके हैं ट्रंप:

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने भारत की चुनाव व्यवस्था का उदाहरण दिया है. इससे पहले अगस्त में उन्होंने भारत की वोटर आईडी व्यवस्था का जिक्र करते हुए अमेरिका में चुनाव सुधारों की जरूरत बताई थी. उस समय ट्रंप ने भारत के चुनावों में फोटो पहचान पत्र के इस्तेमाल की बात करते हुए अमेरिका में भी वोट डालने के लिए पहचान पत्र और नागरिकता से जुड़े नियमों की वकालत की थी.