मोरक्को से स्पेन के इलाके सेउटा में हजारों प्रवासी घुसे, 15 की मौत
स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी इलाके सेउटा में गुरुवार को हजारों प्रवासियों ने भारी संख्या में प्रवेश किया. कई लोग सीमा की दीवार पार करके, ऊपर चढ़कर या पानी में तैरकर सेउटा पहुंचे.
नई दिल्ली: स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी इलाके सेउटा में गुरुवार को हजारों प्रवासियों ने भारी संख्या में प्रवेश किया. कई लोग सीमा की दीवार पार करके, ऊपर चढ़कर या पानी में तैरकर सेउटा पहुंचे. इस दौरान करीब 15 लोग डूबकर मारे गए. सेउटा, स्पेन का छोटा इलाका है जो अफ्रीका में स्थित है और मोरक्को से लगा हुआ है.
यह भौगोलिक रूप से अफ्रीका में है, लेकिन कानूनी रूप से यह स्पेन और यूरोपीय संघ (EU) का हिस्सा है. इसलिए यहां पहुंचना यूरोप में प्रवेश करने के बराबर माना जाता है. स्थानीय सुरक्षा बलों का प्रतिनिधित्व करने वाले राशिद स्बिही ने कहा, “स्थिति पूरी तरह से अराजक है. हजारों प्रवासी सीमा पार कर गए हैं और सीमा पूरी तरह ढह गई है.”
Also Read
सेउटा क्या है?
सेउटा अफ्रीका के उत्तरी तट पर स्थित स्पेन का एक छोटा-सा इलाका है. इसकी जमीनी सीमा मोरक्को से लगती है. हालांकि, यह अफ्रीका में है और इसकी सीमा मोरक्को से लगती है, फिर भी यह स्पेन और यूरोपीय संघ (EU) का हिस्सा है. चूंकि सेउटा स्पेन और यूरोपीय संघ का हिस्सा है, इसलिए इस शहर में पहुंचने का मतलब है EU के इलाके में प्रवेश करना. मोरक्को के भूमध्यसागरीय तट पर स्थित स्पेन के एक और इलाके, मेलिला के साथ मिलकर, सेउटा अफ्रीका के साथ यूरोप की एकमात्र जमीनी सीमा बनाता है.
जानें क्यों है सेउटा इतना अहम?
सेउटा यूरोप का एकमात्र ऐसी जगह है जो अफ्रीका से जमीन के रास्ते जुड़ा है. हर साल हजारों प्रवासी बेहतर नौकरी, जीवन स्तर और सुरक्षा की तलाश में यहां पहुंचने की कोशिश करते हैं. 2021 में मोरक्को और स्पेन के बीच विवाद के दौरान दो दिनों में 10,000 से ज्यादा प्रवासी सेउटा में घुस आए थे. मोरक्को सेउटा और मेलिला को स्पेन का हिस्सा नहीं मानता. वह इन्हें कब्जे वाला मोरक्को का क्षेत्र मानता है. ज्यादातर प्रवासी मोरक्को के फ्नीडेक या बेलयौनेच गांव से आते हैं. कुछ दीवार काटकर या चढ़कर, तो कुछ पानी में तैरकर सीमा पार करने की कोशिश करते हैं.