थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर रूका 'तांडव', दोनों देश बिना शर्त तत्काल युद्दविराम पर सहमत
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे घातक सीमा विवाद पर विराम लगने की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों बिना किसी शर्त के इस युद्धविराम के लिए तैयार हो गए हैं.
Thailand-Cambodia Ceasefire: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच कई दिनों से चल रहा घातक सीमा विवाद आज यानी 28 जुलाई को खत्म हो गया. मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों देश बिना किसी शर्त के तत्काल युद्दविराम पर सहमत हो गए हैं.
थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष में मलेशिया ने मध्यस्थता की पेशकश की थी. जिसके बाद आज दोनों देशों के प्रधानमंत्री मलेशिया की राजधानी पहुंचे थे. इस बैठक में यह फैसला लिया गया है.
मलेशिया द्वारा मध्यस्थता की पेशकश
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कई दिनों से चल रहे थाईलैंड और कंबोडिया सीमा विवाद पर अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने बिना किसी शर्त के संघर्ष विराम पर सहमति व्यक्त किया है. दोनों देशों द्वारा यह कदम मलेशिया द्वारा मध्यस्थता की पेशकश के बाद उठाया गया है. यह संघर्ष पिछले एक दशकों में सबसे खतरनाक था. पिछले सप्ताह में दोनों पड़ोसी मुल्कों ने एक दूसरे पर लड़ाई शुरू करने का आरोप लगाया था. यह संघर्ष इतना ज्यादा बढ़ गया कि दोनों ओर से भारी हवाई हमले किए गए. हालांकि बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने दोनों देशों से बातचीत कर के उन्हें इस संघर्ष को खत्म करने को कहा है. उन्होंने यह तक कहा था कि दोनों देश अगर बात नहीं मानते हैं तो अमेरिका के साथ व्यापार समझौता बिगड़ सकता है.
विवाद पर वार्ता में ये सभी मौजूद
मलेशिया की राजधानी पुत्राजया में आज इस विवाद पर वार्ता आयोजित की गई. जिसमें कंबोडियाई प्रधानमंत्री और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने हिस्सा लिया. यह वार्ता मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आवास पर आयोजित की गई थी. इन दो देशों के अलावा चीनी और अमेरिकी राजदूत भी वहां मौजूद थे. सभी देशों की मौजूदगी में दोनों देशों ने यह फैसला लिया. कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट ने इस बात की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर किया. इस संघर्ष में कई कंबोडियाई और थाई सैनिकों की जान चली गई.