Syria Blast: दमिश्क के कैफे में बड़ा विस्फोट, 9 की मौत और 20 घायल; सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
सीरिया की राजधानी दमिश्क में मुख्य कोर्ट हाउस के पास स्थित एक कैफे में हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए. घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है.
सीरिया की राजधानी दमिश्क में गुरुवार को बड़ा ब्लास्ट हुआ. शहर के मुख्य कोर्ट हाउस के पास स्थित एक व्यस्त कैफे में हुए विस्फोट में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
सीरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतकों और घायलों की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तुरंत अभियान शुरू किया. विस्फोट के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
सरकारी समाचार नेटवर्क अल-इखबारिया के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. बम निरोधक दस्ते तथा फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी जांच के लिए बुलाया गया है. फिलहाल किसी भी संगठन या आतंकी गुट ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है, जिससे घटना के पीछे की मंशा और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच के आधार पर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को भी एहतियातन और कड़ा कर दिया गया है.
Also Read
- 'होर्मुज से गुजरने के लिए तेल टैंकरों को लेनी होगी मंजूरी', दोहा वार्ता के बाद ईरान की नई चेतावनी
- पिथौरागढ़ में बारिश का बड़ा कहर, आदि कैलास यात्रा मार्ग पर टूटी विशाल चट्टान; घंटों बीच रास्ते फंसे रहे श्रद्धालु
- पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया, स्टॉपेज टाइम में VAR विवाद; राउंड ऑफ 16 में पहुंची टीम
गवर्नर ने दोषियों को सख्त सजा दिलाने का दिया भरोसा
दमिश्क के गवर्नर माहेर इदलिबी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि जिस विस्फोटक उपकरण का इस्तेमाल किया गया, वह प्रारंभिक जांच में पुराने प्रकार का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय जल्द ही अपनी शुरुआती जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करेगा. गवर्नर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी. उन्होंने नागरिकों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की.
सीरिया में विस्फोट ऐसे समय में हुआ है जब सीरिया की नई सरकार देश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और राजधानी सहित अन्य इलाकों में हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने का प्रयास कर रही है. दिसंबर 2024 में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद का शासन समाप्त होने के बाद सत्ता संभालने वाली अल-शरा सरकार ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ कई अभियान चलाए हैं.