South Korea Plane Crash: साउथ कोरिया विमान हादसे में 179 लोगों की मौत, सिर्फ 2 लोग ही जीवित बचे
दक्षिण कोरिया के मुआन में घटे विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. विमान में कुल 181 यात्री सवार थे, जिसमें से अब तक 179 लोगों का शव मिल चुका है. वहीं बचे दो लोगों स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है.
South Korea Plane Crash: दक्षिण कोरिया के मुआन शहर के हवाई अड्डे पर रविवार को जेजू एयर का एक यात्री विमान रनवे से फिसलकर कंक्रीट की बाड़ से टकरा गया. इस दुर्घटना में 179 लोगों की मौत हुई है. इस विमान में कुल 181 यात्री सवार थे. हादसे के दौरान विमान में आग लग गई, जिसकी वजह से भारी संख्या में लोगों की मौत हुई.
परिवहन मंत्रालय के अनुसार, यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह 9:03 बजे हुई. विमान बैंकॉक से लौट रहा था और लैंडिंग के दौरान इसका लैंडिंग गियर काम नहीं कर रहा था. इसके परिणामस्वरूप विमान हवाई पट्टी से फिसल गया और कंक्रीट की दीवार से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया.
विमान में लगी आग के बीच फंसे यात्री
राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने बताया कि आग पर लगभग काबू पा लिया गया है, लेकिन विमान में फंसे यात्रियों को निकालने का कार्य अभी भी जारी है. घटना स्थल पर 32 दमकल गाड़ियाँ और कई हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं. इस घटना के बाद अब तक एक यात्री और एक चालक दल के सदस्य को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. आपातकालीन अधिकारियों ने शुरुआती जांच में पाया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण विमान के सामने लैंडिंग गियर में खराबी हो सकता है. हालांकि अभी आग लगने के सही कारण की जांच जारी है. विमान में कुल 181 लोग सवार थे, जिनमें से दो थाई नागरिक भी शामिल थे. मरने वालों की संख्या में वृद्धि की आशंका है क्योंकि कई लोग अब भी आग के कारण विमान में फंसे हुए हैं.
राजनीतिक संकट के बीच हादसा
यह घटना दक्षिण कोरिया में एक बड़े राजनीतिक संकट के बीच हुई है. राष्ट्रपति यूं सुक येओल द्वारा मार्शल लॉ लागू किए जाने और उसके बाद उनके खिलाफ महाभियोग चलाए जाने से देश में उथल-पुथल मची हुई है. कार्यवाहक राष्ट्रपति हान डक-सू पर महाभियोग के बाद उप प्रधानमंत्री चोई सांग-मोक ने प्रशासन का कार्यभार संभाला है. इसी बीच इस घटना ने देश के उथल-पुथल को और बढ़ा दिया है.