टेबल के नीचे छिपे ट्रंप! वेटर के सलाद परोसते वक्त गूंजी गोलियों की आवाज, सीक्रेट सर्विस ने सेकेंडों में कैसे बचाई जान?
वॉशिंगटन में कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग की आवाज से अफरा-तफरी मच गई. ट्रंप, मेलानिया और जेडी वेंस को सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षित निकाला. हमलावर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है.
नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार रात एक कार्यक्रम अचानक दहशत में बदल गया, जब वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलियों जैसी आवाजें गूंज उठीं. उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मौजूद थे. घटना के बाद सीक्रेट सर्विस ने तुरंत सक्रिय होते हुए सभी शीर्ष नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान सैकड़ों मेहमानों में भगदड़ मच गई और पूरे होटल को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.
गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप
वाशिंगटन हिल्टन होटल के भव्य बॉलरूम में कार्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक तेज धमाकों जैसी आवाज सुनाई दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही सेकंड में माहौल बदल गया और लोग घबराकर अपनी कुर्सियों से उठ गए. कई मेहमान तो सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए तुरंत टेबल के छिप गए. वेटरों और स्टाफ ने भी लोगों को नीचे झुकने और शांत रहने की सलाह दी. कुछ लोगों ने 5 से 8 राउंड जैसी आवाजें सुनने का दावा किया, जिससे डर और भी बढ़ गया.
सीक्रेट सर्विस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सीक्रेट सर्विस के एजेंट तुरंत मंच की ओर दौड़े, जहां राष्ट्रपति ट्रंप मौजूद थे. सुरक्षा टीम ने बिना समय गंवाए ट्रंप और उनकी पत्नी को घेरे में लेकर बाहर निकाला. उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. पूरे हॉल में एजेंट तैनात हो गए और किसी को भी अपनी जगह से हिलने नहीं दिया गया. सुरक्षा एजेंसियों की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी घटना को टालने में अहम भूमिका निभाई.
हमलावर हिरासत में, जांच जारी
घटना के कुछ समय बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग होटल के मुख्य हॉल के बाहर हुई थी, लेकिन इसकी आवाज अंदर तक पहुंची. फिलहाल किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावर सुरक्षा घेरा पार कर अंदर कैसे पहुंचा और उसके इरादे क्या थे. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.
यहां देखें वीडियो
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. जिस होटल में कार्यक्रम आयोजित था, वहां मुख्य बॉलरूम की सुरक्षा कड़ी होती है, लेकिन बाकी हिस्से आम लोगों के लिए खुले रहते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इसी व्यवस्था में चूक की संभावना रहती है. घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती कर दी गई. हेलिकॉप्टर निगरानी और सड़कों पर नाकेबंदी से हालात को नियंत्रित किया गया.
और पढ़ें
- PM मोदी 11 बजे करेंगे मन की बात, महिला आरक्षण से तेज गर्मी तक; 133वें एपिसोड में इन मुद्दों पर कर सकते हैं बात
- ट्रंप के डिनर में अंधाधुंध फायरिंग से मचा हड़कंप, सीक्रेट सर्विस ने बचाई राष्ट्रपति की जान, एक हमलावर गिरफ्तार; देखें वीडियो
- US-Israel-Iran War Live Updates: अमेरिकी नौसेना का एक्शन, अरब सागर में ईरानी 'शैडो फ्लीट' के एक जहाज को रोका