ट्रंप के डिनर में अंधाधुंध फायरिंग से मचा हड़कंप, सीक्रेट सर्विस ने बचाई राष्ट्रपति की जान, एक हमलावर गिरफ्तार; देखें वीडियो

वॉशिंगटन के वाशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की आवाज से अफरा-तफरी मच गई. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप और जेडी वेंस को सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षित बाहर निकाला.

@WHPressPool
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर अचानक सिक्योरिटी क्राइसिस में बदल गया, जब कार्यक्रम के दौरान गोली चलने जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं. उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मौजूद थे. सीक्रेट सर्विस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी शीर्ष नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना के बाद पूरे होटल परिसर में भारी सुरक्षा तैनाती कर दी गई और एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया.

कार्यक्रम के बीच मची भगदड़

वाशिंगटन हिल्टन होटल में यह प्रतिष्ठित वार्षिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें करीब 2,600 मेहमान मौजूद थे. अचानक रात करीब 8:45 बजे तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिन्हें शुरुआती तौर पर गोलीबारी माना गया. आवाज सुनते ही हॉल में मौजूद लोग घबरा गए और कई मेहमान अपनी मेजों के नीचे छिप गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार से छह राउंड जैसी आवाजें आईं, जिससे पूरे सभागार में अफरा-तफरी मच गई. कुछ सेकंड के भीतर सीक्रेट सर्विस एजेंट्स हथियारों के साथ मंच और प्रवेश द्वार पर तैनात हो गए.

सीक्रेट सर्विस ने तुरंत संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रपति ट्रंप और मेलानिया ट्रंप को मंच से तुरंत हटाया गया. उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे बैंक्वेट हॉल को घेर लिया और किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी. कुछ देर बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर बताया कि एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया है और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बेहतरीन काम किया है.

यहां देखें वीडियो

हिरासत में एक संदिग्ध

फेडरल एजेंसियों और एफबीआई ने पुष्टि की कि घटना के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना मुख्य डाइनिंग हॉल के बाहर हुई. फिलहाल किसी के घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं है. अधिकारियों ने हमलावर के मकसद और उसके पास हथियार कैसे पहुंचा, इसकी जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद पूरे होटल परिसर को कुछ समय के लिए लॉकडाउन कर दिया गया.

क्या होता है कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर अमेरिका का एक प्रतिष्ठित वार्षिक समारोह है, जिसमें पत्रकार, राजनेता और कई चर्चित हस्तियां शामिल होती हैं. इस आयोजन का उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता का सम्मान करना और पत्रकारिता छात्रों के लिए छात्रवृत्ति जुटाना होता है. आमतौर पर इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति भी शामिल होते हैं और हल्के-फुल्के अंदाज में राजनीतिक व्यंग्य भी किया जाता है. इस बार की सुरक्षा घटना ने पूरे आयोजन को सुर्खियों में ला दिया है.